अगर आप भी इस मौसम अपनी बॉडी में ठंडक बनाए रखना चाहते हैं तो इसके लिए आप अपनी डाइट में इन दालों को शामिल कर सकते हैं

गर्मियों का मौसम आते ही हमारे खानपान और पहनावे में बदलाव होने शुरू हो जाते हैं। इस मौसम में लोग खुद को गर्मी से बचाने और शरीर में ठंडक बनाए रखने के लिए कई उपाय करते हैं। कुछ लोग जहां शरबत या जूस आदि का सेवन करते हैं, तो वहीं कुछ लोग अपनी डाइट में बदलाव करते हुए खुद को भीषण गर्मी से बचाए रखते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस सीजन खुद को सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में इन दालों को जरूर शामिल करें। इसके सेवन से न सिर्फ आप स्वस्थ रहेंगे,बल्कि आपके शरीर में ठंडक में भी बनी रहेगी।

मूंग दाल

कई गुणों से भरपूर मूंग दाल सबसे पौष्टिक दाल मानी जाती है। इसमें कई सारे पोषक तत्व जैसे प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और मिनरल्स आदि पाए जाते हैं। गर्मियों में इसका सेवन भी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। दरअसल, तासीर में ठंडी होने की वजह से मूंग की दाल गर्मियों में इसे खाने से शरीर में ठंडक बनी रहती है। साथ ही इसे खाने से पेट में जलन, गर्मी जैसी समस्याओं से बचाव होता है।

उड़द की दाल

उड़द की दाल में भी कई सारे विटामिन्स, मिनरल्स और प्रोटीन पाए जाते हैं। साथ ही ठंडी तासीर होने की वजह से उड़द की दाल को गर्मी में खाने से शरीर में ठंडक बनी रहती है। इतना ही नहीं उड़द की दाल सूजन कम करने, बुखार जैसी समस्या में भी काफी कारगर है। इसके अलावा यह दाल पाचन और दिल की सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होती है।

चने की दाल

आयरन, प्रोटीन, ऊर्जा और फोलेट से भरपूर चने की दाल भी ठंडी तासीर वाली होती है। इसे खाने से गर्मियों में शरीर में ठंडक बनी रहती है। आप इसका सेवन सिर्फ लौकी के साथ भी कर सकते हैं। लौकी और चने की दाल खाने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। साथ ही यह दाल खाने से पेट से जुड़ी कई समस्याएं भी दूर होती है।

Back to top button