केजरीवाल बोले- हरियाणा में चुनाव लड़ेगी आप, भाजपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे

हिसार। आम आदमी पार्टी के प्रमुख व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हिसार में हरियाणा बचाओ रैली कर चुनावी शंखनाद किया। कहा कि आप हरियाणा में युवाओं के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली में आप ने रिकार्ड सीट लेकर जो चमत्कार दिखाया था वही अब हरियाणा की जनता करके दिखाएगी। रैली के दौरान केजरीवाल वर्तमान भाजपा सरकार के साथ-साथ पिछली हुड्डा सरकार पर भी जमकर बरसे। कहा कि हुड्डा सरकार में भ्रष्टाचार था, मनोहर सरकार में यह और बढ़ा है। भाजपा सरकार से समाज का हर तबका दुखी है।

हिसार के पुराने गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में आयोजित रैली में केजरीवाल ने खुद को हिसार से जोड़ा। कहा कि उनका बचपन यहां बीता है। जिंदगी में नहीं सोचा था कि भगवान इतनी बड़ी जिम्मेदारी देगा। जनता का इतना प्यार और विश्वास मिलेगा। यहां आकर वह गद्गद् हैं। केजरीवाल ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि हरियाणा को बने हुए 50 साल हो गए हैं, लेकिन यहां के बुनियादी ढांचे में सुधार नहीं हुआ है।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में उनकी सरकार बने हुए तीन साल हुए हैं। उनकी सरकार ने स्कूलों में बुनियादी ढांचे का विकास किया। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में स्वीमिंग पूल, लिफ्ट लगी हैं। टीचरों को ट्रेनिंग दी जा रही है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में अब अच्छे घरों के बच्चे भी पढ़ने लगे हैं। लेकिन, हरियाणा में सरकारी स्कूलों की दुर्दशा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अस्पतालों में उनकी सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। अस्पतालों में मरीजों को पूरा मुफ्त इलाज दिया जा रहा है।

केजरीवाल ने किसानों की दुखती रग पर भी हाथ रखा। कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव से पूर्व मोदी जी ने कहा था स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करेंगे, लेकिन सरकार बनने के बाद वह वादे से मुकर गए। सुप्रीम कोर्ट में मोदी सरकार ने रिपोर्ट दी है कि वह स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं करेंगे। उन्होंने एेसी रिपोर्ट देकर किसानों के साथ धोखा किया है।

आप नेता ने कहा कि भाजपा धन्ना सेठों की पार्टी है। विजय माल्या को नौ हजार करोड़ रुपये देकर भगा दिया। नीरव मोदी 11 हजार करोड़ रुपये लेकर भाग गया और मोदी सरकार का कहना है कि उन्हें पता नहीं चला। केजरीवाल ने कहा कि जितने घोटाले मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए उतने घोटाले आजादी के बाद बनी अन्य सरकारों में नहीं हुए।

आप सुप्रीमो ने कहा कि नोटबंदी व जीएसटी ने जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। व्यापार पूरी तरह से चौपट हो गया है। बेरोजगारी बढ़ी है। केंद्र की मोदी सरकार ने अगर पिछले चार साल में कुछ किया है तो वह काम दंगा कराना है। हरियाणा में जाटों व गैर जाटों के बीच जो दंगे हुए वह भी भाजपा व कांग्रेस ने मिलकर कराए। दोनों दलों ने वोटबैंक की राजनीति के लिए यह दंगे कराए।

Back to top button