हंगरी में दस हजार शरणार्थियों की गिरफ्तारी

hungary_144236243614_650_091615054816-415x260यूरोप में शरणार्थी संकट बढ़ता जा रहा है। हंगरी ने सर्बिया से सीमा पार कर गैर कानूनी तरीके से प्रवेश करने के कारण दस हजार शरणार्थियों को गिरफ्तार करने के बाद देश में आपातकाल लागू कर दिया। उधर, हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरवन ने कहा कि सर्बिया से हंगरी आने वाले शरणार्थियों के यहां शरण देने के आवेदन को अस्वीकार कर दिया जाएगा।

इससे पहले हंगरी ने शरणार्थियों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए सर्बिया से लगी अपनी दक्षिणी सीमा सील कर दी है। यही नहीं, सीमा में प्रवेश करने वाले शरणार्थियों को भी निकालने की चेतावनी दी है। देश में आने वाले हजारों शरणार्थियों को देखते हुए रेलवे सेवा भी बंद कर दी गई है। हंगरी आने वाले शरणार्थियों की सबसे ज्यादा संख्या सीरियाई नागरिकों की है, जो 2011 से जारी गृहयुद्ध के चलते देश से पलायन कर रहे हैं।

इस साल सीरिया से काफी ज्यादा तादात में शरणार्थी आए हैं। उन्होंने अपने देश से पैदल ही चलकर यूरोपीय यूनियन में प्रवेश किया। पुलिस ने इस साल हंगरी आने वाले शरणार्थियों की संख्या 1,80,000 दर्ज किया है। लेकिन शरणार्थियों की भीड़ से निपटने के लिए हंगरी ने अक्टूबर से 175 किमी लंबी अपनी दक्षिणी सीमा पर बाड़ लगाने के फैसला लिया। यह बाड़ कंटीले तारों वाला होगा।

शरणार्थी मुद्दे पर यूएन निराश

संयुक्तराष्ट्र (यूएन) ने एक लाख 20 हजार शरणार्थियों को शरण देने के प्रश्न पर यूरोपीय संघ के देशों के बीच सहमति नही बन पाने पर निराशा व्यक्त की है। संयुक्तराष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त ने इस संबंध में कहा है कि शरणार्थी समस्या के हल के लिए बिना किसी विलंब के निर्णायक समझौता किया जाना जरुरी है। इस वर्ष अब तक चार लाख 64 हजार 876 शरणार्थी भूमध्य सागर पार कर चुके हैं। तुर्की से यूनान आते समय पिछले कुछ दिनों में 72 शरणार्थियों की मौत हो गई।

 

Back to top button