सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए सीएमएस छात्राओं ने भेंट की 15,000 राखियाँ

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल की छात्राओं ने देश की सुरक्षा में तत्पर सैनिक भाईयों के लिए बड़े ही स्नेह व गर्व के साथ 15000 राखियाँ भेजी हैं। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी एवं सी.एम.एस. स्टेशन रोड कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती वीरा हजेला के नेतृत्व में विद्यालय की 10 छात्राओं ने आज मेजर जनरल प्रवेश पुरी, जी.ओ.सी. मध्य कमान को राखियाँ भेंट की और इन राखियों को देश की सीमा पर तैनात वीर जवानों तक पहुँचाने का अनुरोध किया। यह जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर सी.एम.एस. छात्राओं ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपने घरों से दूर रह रहे वीर जवानों के लिए राखियां भेज कर हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। हम चाहते हैं कि आने वाले रक्षा बंधन के त्योहार पर उनकी ये राखियाँ देश के बहादुर सैनिकों के हाथों पर बांधी जाये। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर सी.एम.एस. छात्राओं द्वारा प्रेषित ये राखियाँ देश के वीर जवानों के प्रति किशोर व युवा पीढ़ी का स्नेह व सम्मान है। मुझे प्रसन्नता है कि सी.एम.एस. छात्र-छात्राएं अपने सामाजिक कार्यो व दायित्वों के प्रति काफी सजग व संकल्पित हैं।

Back to top button