सरकार बनने से पहले ही झारखंड से आई बड़ी खबर, राजनीति में मचा तूफान

रांची। झारखंड में सरकार गठन से ठीक पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबरों के मुताबिक, जेवीएम ने भी अपना समर्थन महागठबंधन को दे दिया है। हालांकि इसके कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे कि जेवीएम सत्‍ता पक्ष में ही बैठना पसंद करेगी।

वहीं जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी का गठबंधन आज रात करीब आठ बजे सरकार बनाने के लिए दावा पेश कर सकता है। इसी बीच, बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व वाले जेवीएम यानी झारखंड विकास मोर्चा ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठित होने वाली गठबंधन सरकार को बिना शर्त बाहर से समर्थन देने की घोषणा कर दी है।

बता दें कि सूबे में गठबंधन ने 47 सीटें जीती हैं, जबकि BJP 25 सीटों पर जीत हासिल कर सकी। गठबंधन में शामिल जेएमएम ने 30, आरजेडी ने एक और कांग्रेस ने 16 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, आजसू दो और झारखंड विकास मोर्चा के खाते में तीन सीटें गईं।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य विधानसभा चुनावों में विजयी विपक्षी गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ 27 दिसंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण करेंगे।

Back to top button