शादी के मंडप से प्रेमिका संग भागा दूल्हा, दुल्हन ने बाराती के साथ कर ली शादी

अगर कोई दूल्हा अपनी शादी से भाग जाए तो यह सबको हैरान कर देने वाली बात होती है लेकिन कर्नाटक के चिकमंगलुरू में जो हुआ वह इससे भी ज्यादा हैरानी में डाल देगा। यहां दूल्हे के मंडप से भागने के बाद लड़की ने शादी में आए मेहमान से शादी रचा ली।

अशोक और नवीन नाम के दो भाइयों की शादी रविवार को एक ही विवाह स्थल पर होनी थी। शनिवार को नवीन और उनकी दुल्हन सिंधु शादी से पहले की रस्मों में उलझे थे लेकिन फिर अचानक नवीन गायब हो गए।

‘बैंगलोर मिरर’ की खबर के मुताबिक, बाद में पता लगा कि नवीन की गर्लफ्रेंड ने उन्हें यह धमकी दी थी कि वह सब मेहमानों के सामने तमाशा करके उनकी शादी बर्बाद कर देगी। नवीन ने अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने का फैसला लिया और अपनी होने वाली पत्नी को शादी के मंडप पर छोड़ कर चला गया।

नवीन के भाई अशोक ने तय तारीख पर शादी की, वहीं सिंधू के माता-पिता दूल्हे के गायब होने से सदमे में थे। सिंधू भी इससे दुखी थी और उसे संभालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद सिंधू के परिवार ने उनकी शादी करवाने का फैसला लिया और वेडिंग हॉल में ही दूल्हे की तलाश शुरू कर दी।

हैरानी की बात यह है कि सिंधू के परिवार को वहीं एक लड़का मिल भी गया। BMTC कंडक्टर के तौर पर काम करने वाले चंद्रप्पा नाम के इस मेहमान ने भी सिंधू से शादी के लिए हां कह दी। पूरी स्थिति को जानते हुए चंद्रप्पा ने कहा कि अगर लड़की को यह शादी मंजूर है तो वह भी तैयार है।

इसके बाद दोनों के परिवार मान गए और सिंधू-चंद्रप्पा ने उसी दिन उसी मंडप में शादी की।

Back to top button