वजन बढ़ाना चाहते हैं, तो इन होममेड ड्रिंक्स को डाइट में करें शामिल-

आज के समय में जहां अधिकतर लोग मोटापे से परेशान हैं, वहीं कई लोग ऐसे भी हैं जो अपने दुबले शरीर से परेशान हैं। कई लोगों के साथ यह समस्या होती है कि वे चाहे कुछ भी खा लें, उनका वजन नहीं बढ़ता है। कई बार लोगों को दुबलेपन की वजन से शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है। ऐसे में लोग वजन बढ़ाने के लिए घंटों जिम में बताते हैं। वहीं, कई लोग तरह-तरह के पाउडर और सप्लीमेंट्स का सहारा लेते हैं। लेकिन आप चाहें तो हेल्दी डाइट की मदद से भी वजन बढ़ा सकते हैं। अगर आप वेट गेन करना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में कुछ होममेड ड्रिंक्स को शामिल कर सकते हैं। रोज इन ड्रिंक्स को पीने से आपका वजन बढ़ाने तेजी से बढ़ने लगेगा। साथ ही, आपका स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। तो आइए, इस लेख में डायटीशियन अबरना मैथ्यूवनन से जानते हैं वजन बढ़ाने के लिए फायदेमंद 5 होममेड ड्रिंक्स के बारे में –

वजन बढ़ाने के लिए होममेड ड्रिंक्स –

बनाना शेक 

वजन बढ़ाने के लिए केले का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है। केले से शरीर को जरूरी पोषण और एनर्जी मिलती है। अगर आप वेट गेन करना चाहते हैं, तो बनाना शेक पिएं। रोज बनाना शेक पीने से कुछ ही दिनों में वजन बढ़ने लगेगा। इसके लिए 2 केले और एक गिलास दूध को मिक्सी में अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। आप चाहें तो इसमें ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं। इससे यह ड्रिंक और ज्यादा हेल्दी बन जाती है। 

चॉकलेट मिल्क 

चॉकलेट मिल्क स्वादिष्ट होने के साथ-साथ वजन बढ़ाने में भी लाभकारी है। इसमें प्रोटीन और कैल्शियम होता है, जिससे मांसपेशियां बनती हैं। चॉकलेट मिल्‍क पीने से शरीर को इंस्टेंट एनर्जी मिलती है। अगर आप नियमित रूप से चॉकलेट मिल्क का सेवन करेंगे, तो इससे कुछ ही दिनों में वजन बढ़ने लगेगा। चॉकलेट मिल्क बनाने के लिए एक गिलास दूध और डार्क चॉकलेट को मिक्सी में अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। इस ड्रिंक को पीने से कुछ दिनों ही में आपको फर्क नजर आने लगेगा।

चीकू ड्रिंक

चीकू में कार्बोहाइड्रेट और शुगर काफी मात्रा में पाया जाता है। इसलिए, आप चाहें तो वजन बढ़ाने के लिए नियमित रूप से चीकू से बनी ड्रिंक पी सकते हैं। साथ ही, चीकू प्रोटीन और आयरन का भी अच्छा सोर्स  है। चीकू ड्रिंक पीने से शारीरिक कमजोरी दूर होती है और आप हेल्दी रहते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले चीकू को छीलकर इसके बीज निकाल लें। अब इसे एक गिलास दूध के साथ अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। आप चाहें तो इसका स्वाद बढ़ने के लिए कोकोनट शुगर भी मिला सकते हैं। 

मैंगो शेक

मैंगो शेक ज्यादातर लोगों की पसंदीदा ड्रिंक है। वेट गेन करने के लिए मैंगो शेक का सेवन काफी फायदेमंद होता है। आम में भरपूर मात्रा में कार्बोहाइड्रेट, शुगर और प्रोटीन होता है। रोज एक गिलास मैंगो शेक पीने से आपका वजन जल्दी बढ़ सकता है। मैंगो शेक बनाने के लिए सबसे पहले आम को छीलकर उसका पल्प निकाल लें। अब मिक्सी में मैंगो पल्प और दूध डालकर ब्लेंड कर लें। आप चाहें तो इसे ड्राई फ्रूट्स से गार्निश कर सकते हैं। यह ड्रिंक स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है।

स्ट्रॉबेरी और एवोकाडो स्मूदी 

स्ट्रॉबेरी और एवोकाडो स्मूदी भी वजन बढ़ाने में काफी कारगर माना जाता है। इसके नियमित सेवन से वेट गेन तेजी से होने लगता है। साथ ही, आप दिनभर एनर्जेटिक महसूस करते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले स्ट्रॉबेरी और एवोकाडो को मिक्सी में अच्छे से ग्राइंड कर लें। फिर इसमें दूध और वेनिला एक्सट्रैक्ट मिलाकर एक बार फिर से ब्लेंड कर लें। इस स्मूदी को सुबह ब्रेकफास्ट में पिएंगे, तो बहुत लाभ होगा।

इन होममेड ड्रिंक्स को डाइट में शामिल करके आप भी अपना वजन बढ़ा सकते हैं। अगर आप इनका नियमित सेवन करेंगे, तो आपको कुछ ही दिनों में फर्क नजर आने लगेगा।

Back to top button