लोकसभा चुनाव 2019 : भाजपा ने बदली कैबिनेट मंत्रियों पर दांव खेलने की रणनीति

चंडीगढ़: लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा में भाजपा ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। प्रदेश में लोकसभा चुनावों की सभी दस सीटों पर निगाह जमाए भाजपा ने चुनावी किला फतेह करने के लिए कै‍बिनेअ मंत्रियों को टिकट देने की रणनीति बदली है। पार्टी चुनावी समर में मनोहर कैबिनेट के बड़े मंत्रियों की बजाय स्थानीय धुरंधरों पर दांव खेलेगी। विपक्षी दलों के घोषित उम्मीदवारों और संभावित प्रत्याशियों को लेकर गुणा-भाग में लगा पार्टी आलाकमान अगले सप्ताह प्रत्याशियों की सूची जारी करने की तैयारी में है।लोकसभा चुनाव 2019 : भाजपा ने बदली कैबिनेट मंत्रियों पर दांव खेलने की रणनीति

राज्य मंत्रियों को मिल सकता मौका, अगले सप्ताह जारी होगी प्रत्याशियों की सूची

भाजपा ने एक तरह से फरीदाबाद और गुरुग्राम के उम्मीदवार फाइनल कर रखे हैं। फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और गुरुग्राम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत का चुनाव मैदान में उतरना तय है। पार्टी पहले प्रदेश सरकार में मंत्री प्रो. राम बिलास शर्मा, ओम प्रकाश धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु और अनिल विज पर दांव खेलने का विचार कर रही थी, लेकिन अब इसे बदल दिया गया है।

प्रो. रामबिलास, धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु और विज को चुनाव लड़ाने की चर्चाओं पर विराम

पार्टी मनोहर कैबिनेट के किसी बड़े मंत्री को लोकसभा चुनाव नहीं लड़ाएगी। केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए संभावित प्रत्याशियों के पैनल में किसी कैबिनेट मंत्री का नाम नहीं है। शनिवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से रू-ब-रू प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने तमाम चर्चाओं पर विराम लगाते हुए साफ किया कि हम किसी बड़े मंत्री को लोकसभा का चुनाव लड़ाने नहीं जा रहे।

उन्‍हाेंने कहा‍ कि लोकसभा चुनाव समिति के पास सैकड़ों नाम आए थे जिन पर केंद्रीय चुनाव समिति के साथ चर्चा हुई। भाजपा संसदीय बोर्ड के पास जो नाम भेजे गए हैं उनमें किसी बड़े मंत्री का नाम शामिल नहीं है। हालांकि यह केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर करेगा कि वह किसे प्रत्याशी घोषित करती है। चूंकि हरियाणा में लोकसभा चुनावों में अभी काफी समय है, इसलिए अगले सप्ताह तक पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। तब तक संगठनात्मक गतिविधियों को पूरा कर लिया जाएगा।

बेदी, सैनी व ग्रोवर को मिल सकता टिकट

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने किसी भी मंत्री का नाम लिए बगैर परोक्ष रूप से संकेत दिए कि परिस्थितियों के अनुसार राज्य मंत्रियों को जरूर चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक सिरसा लोकसभा सीट से राज्यमंत्री कृष्ण बेदी और कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से राज्य मंत्री नायब सैनी का नाम संभावित प्रत्याशियों के पैनल में है। रोहतक में राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर के चुनाव लड़ने की अटकलें चल रही हैं। बराला ने तीनों राज्य मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारने से इंकार करने की बजाय साफ किया कि इस बारे में हाईकमान को फैसला करना है।

Back to top button