राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन का चौथा चरण आज से शुरू

नई दिल्ली 18 मई।राष्‍ट्रव्‍यापी लॉकडाउन का कुछ और रियायतों के साथ चौथा चरण आज से शुरू हो गया है।
गृह मंत्रालय ने कल इसकी अवधि 14 दिन बढ़ाकर 31 मई तक करने की घोषणा की थी। 25 मार्च से लागू लॉकडाउन से देश में कोविड-19 का फैलाव रोकने में काफी मदद मिली है। चौथे चरण में पिछले चरणों के मुकाबले कई और रियायतें दी गयी हैं।
केन्‍द्र ने राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन निर्धारित करने की अनुमति दी है। राज्‍य और केन्‍द्रशासित प्रदेश, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मानकों के अनुसार जिला, सब डिवीजन या नगर पालिकाओं को इन तीन अलग-अलग जोन में बांट सकेंगे।
गृहमंत्रालय ने उन सभी गतिविधियों की सूची जारी की है जिन पर अगले 14 दिनों तक रोक रहेगी। इसके अनुसार चिकित्सा या सुरक्षा सेवाओं को छोड़कर सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्राएं लॉकडाउन के चौथे चरण में भी बंद रहेंगी। हालांकि गृह मंत्रालय द्वारा स्वीकृत उड़ान संचालन जैसे कि वंदे भारत मिशन परस्पर रूप से संचालित किए जा सकेंगे। श्रमिक स्पेशल अन्य विशेष ट्रेन,पार्सल और मालगाड़ियों को छोड़कर रेलवे की अन्य यात्री सेवाएं भी अभी स्थगित रहेंगी।
मैट्रो ट्रेनों के परिचालन को भी लॉकडाउन के चौथे चरण में शुरू नहीं किया गया है। स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक प्रशिक्षण और कोचिंग संस्थान भी देशभर में बंद रहेंगे। लोगों को रेस्तरां, होटल या किसी भी अन्य आतिथ्य सेवा के लिए बाहर जाने से पहले अगले 14 दिनों तक कम से कम और इंतजार करना होगा, क्योंकि ये सेवाएं भी लॉकडाउन के चौथे चरण में बंद रखी गई है।आवश्यक सेवाओं के अलावा रात्रि कर्फ्यू, शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक सभी के लिए 31 मई तक लागू रहेगा।

Back to top button