राजस्थान निकायों में 17 कांग्रेस और छह में भाजपा को मिला बहुमत, उदयपुर नगर में BJP ने हासिल की जीत

Rajasthan Local Body Elections Results 2019 LIVE:  राजस्थान निकाय चुनाव के लिए चल रही मतगणना में 49 निकायों में से अब तक 28 निकायों के परिणाम घोषित किए गए हैं, जिनमे से 17 में कांग्रेस और छह में भाजपा को बहुमत मिला है। चार निकायों में किसी का बहुमत नहीं है। भरतपुर नगर निगम में तो निर्दलीयों के पास भाजपा और कांग्रेस से ज्यादा सीटें हैं, कांग्रेस को बढ़त मिल रही है। इस बीच, उदयपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की है।

इस बीच, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट में लिखा है कि उम्मीद और अपेक्षा के अनुकूल ही निकाय चुनाव में परिणाम आते दिख रहे हैं। यह बहुत प्रसन्नता की बात है कि सरकार जिस रूप में परफॉर्म कर रही है उसी रूप में जनता ने मैंडेट दिया है। मैं जनता को कहना चाहूंगा कि आप निश्चिंत रहें, हम लोग काम करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

16 नवंबर को हुए 49 नगरीय निकाय के चुनाव की मतगणना में कांग्रेस को बढ़त मिल रही है। 2105 वार्डों के लिए चुनाव हुआ था। अभी तक घोषित परिणामों में 504 सीटों पर कांग्रेस, 407 सीटों पर भाजपा, 2014 सीटों पर निर्दलीय, 12 सीटों पर बसपा, दो सीटों पर सीपीएम ने जीत दर्ज की है।

अभी तक आए परिणामों में पुष्कर और ब्यावर में भाजपा को बहुमत मिला है, वहीं कोटा कैथून और सांगोद में कांग्रेस को बहुमत हासिल हुआ है। उदयपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा जीत गई है। और बीकानेर में भाजपा को और भरतपुर में कांग्रेस आगे दिख रही है। परिणाम लगातार आ रहे हैं और माना जा रहा है शाम तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। आज पार्षद पदों की मतगणना के बाद 26 नवम्बर को निकाय अध्यक्षों का चुनाव होगा और निर्वाचित पार्षद निकाय अध्यक्ष चुनेंगे, वहीं 27 नवंबर को उपाध्यक्षों का चुनाव होगा। परिणम घोषित होने के साथ ही कांग्रेस और भाजपा ने अपने विजयी प्रत्याशियों की घेराबंदी शुरू कर दी है, ताकि निकाय अध्यक्ष के चुनाव तक किसी तरह का दल बदल या क्राॅस वोटिंग की संभावना न रहे।

Back to top button