योशिहिदे सुगा बने जापान के नए प्रधानमंत्री, पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

टोक्यो। जापान में बुधवार को हाउस ऑफ रिप्रिसेंटेटिव ने योशिहिदे सुगा को जापान का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योशिहिदे सुगा के जापान के औपचारिक तौर पर नए प्रधानमंत्री चुने जाने पर उन्हें बधाई दी। पीएम ने भारत-जापान के स्पेशल स्ट्रैटजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप को नई ऊंचाई पर ले जाने की उम्मीद जताई है।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार सुगा मुख्य रूप से चरमराई हुई अर्थव्यवस्था को वापस पहले जैसा करने और कोरोना वायरस को नियंत्रित करने पर विशेष ध्यान देंगे।
सुगा ने कहा कि वह पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की नीतियों को आगे लेकर जाएंगे। साल 1991 में किची मियाजावा के बाद सुगा अधिक उम्र वाले दूसरे प्रधानमंत्री हैं। हालांकि कई मंत्री जैसे कि वित्त मंत्री तारो असो और विदेश मंत्री तोशीमित्सू मोटेगी के सुगा के मंत्रिमंडल में बने रहने की संभावना है। स्वास्थ्य मंत्री कट्सोनोबू के सुगा के चीफ कैबिनेट सेक्रेट्री बनने की संभावना है।
दरअसल इस पद पर नियुक्त किया गया व्यक्ति नीति सहयोग और सरकार के शीर्ष प्रवक्ता दोनों जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री तारो कोनो के एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉर्म के मंत्री बनने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के मंत्रिमंडल के सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था।
The post योशिहिदे सुगा बने जापान के नए प्रधानमंत्री, पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button