ये शख्‍स है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सबसे बड़ा फैन, शहर वालों ने दे दिया ये नाम

मेरठ। उत्‍तर प्रदेश के मेरठ में भाजपा का एक ऐसा समर्थक देखने को मिला जिसकी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में जबरदस्त आस्था है। प्रधानमंत्री के प्रति उसकी आस्था से प्रभावित होकर शहर के लोगों ने रिक्शे वाले का नाम मोदी रिक्शावाला रख दिया है। इस नाम के संबोधन से यह समर्थक भी खुश हो जाता है।

इन दिनों शहर की सड़कों पर दौड़ रहा भगवा रंग में रंगा रिक्शा लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। इस रिक्शा की खासियत यह है कि रिक्शे को जहां पूरी तरह भाजपा के रंगों से रंगा गया है। रिक्शे के हैंडल पर लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो इस रिक्शे को अन्य रिक्शों से अलग कर देती है।

वहीं उसके रिक्शे के पीछे लिखा ‘जय श्री राम’ का नारा रिक्शा चालक की श्रीराम भक्ति को भी दर्शाता है। जब गढ़ रोड के संजय विहार निवासी रिक्शा चालक प्रमोद कुमार लोधी से रिक्शा को भगवा रंग में रंगने का कारण पूछा गया तो उन्होंने बहुत बेबाकी के साथ खुद को भाजपा का कर्मठ कार्यकर्ता बताया। प्रमोद ने बताया कि वह अपनी मर्जी से अपने रिक्शे को भाजपा के रंग में रंग कर अपनी पार्टी का प्रचार करते हैं।

प्रमोद ने बताया कि वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बेहद प्रभावित हैं। गले में भगवा रंग का अंगोछा डालकर रिक्शा खींचते प्रमोद को लोग मोदी जी कह कर बुलाते हैं। प्रमोद ने बताया कि जब लोगों ने उनके आदर्श नेता के नाम से पुकारते हैं तो उनका सीना भी गर्व से चौड़ा हो जाता है।

Back to top button