यूपी में अपराधियों की खैर नहीं, मुख्तार के बेटों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के इनामी अपराधियों की सूची में अब बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के दोनों बेटों का नाम भी शामिल हो गया है। मुख्तार अंसारी की गिनती बड़े माफियाओं में होती है। उनके दोनों बेटे उमर एवं अब्बास के विरुद्ध हजरतगंज थाने में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी ना होने के बाद लखनऊ पुलिस ने दोनों को इनामी अपराधियों की सूची में डाल दिया है।

 
उल्लेखनीय है कि राजधानी के डालीबाग में भूमि पर अवैध कब्जा करने और उस पर दो बड़े टावर बनाने का आरोप मुख्तार अंसारी के बेटों उमर और अब्बास पर लगा था। एलडीए ने बीते 27 अगस्त को दोनों टावरों को जमींदोज कर दिया था। इसके बाद लेखपाल सुर्जनलाल ने उमर और अब्बास के विरुद्ध हजरतगंज में एफआईआर दर्ज कराई थी।
लखनऊ पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे ने इसी एफआईआर के आधार पर मुख्तार अंसारी के दोनों बेटों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों पर 25 -25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया और इनामी अपराधियों की सूची में नाम दर्ज करा दिया है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो पाती है तो यह इनाम राशि बढ़ाई भी जा सकती है।
The post यूपी में अपराधियों की खैर नहीं, मुख्तार के बेटों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button