मोर पंख से लाएं खुशियां

लखनऊ: अगर आपके घर में लगातार नकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है और कोई भी शुभ कार्य होने में बाधा हो रही है, तो आप एक बार मोर पंख का इस्तेमाल करके जरूर देखें।
मोर पंख से आप अपने घर का वास्तु दोष दूर कर सकते हैं। दरअसल, श्रीकृष्ण, कार्तिकेय, मां सरस्वती और मां लक्ष्मी सभी को मोर एवं उसके पंख किसी न किसी रूप में प्रिय हैं। पौराणिक काल में महर्षियों ने मोर पंख की कलम बनाकर ग्रंथ लिखे, जबकि बौद्ध दर्शन में मोर ज्ञान का प्रतिनिधित्व करता है। वास्तु और ज्योतिष शास्त्र में मोर पंखों को बेहद शुभ माना गया है। आइए हम आपको बताते हैं कि मोर पंख का सही इस्तेमाल करके आप कैसे अपने घर में खुशियां ला सकते हैं।
दरअसल, घर में अलग-अलग स्थान पर मोर पंख रखने से वास्तु बदला जा सकता है। घर के दक्षिण-पूर्व कोण में मोर पंख रखने से परिस्थितियां बदलती हैं और अचानक कष्ट नहीं आता। मोर पंख घर की पूर्वी और उत्तर-पश्चिम दीवार पर या अपनी जेब व डायरी में रखने से राहु का दोष परेशान नहीं करता।
यदि कोई जरूरी काम पूरा होते-होते रुक जाए या बहुत समय से कोई काम अटका हुआ हो, तो बेडरूम की पूर्व-दक्षिण दिशा में मोर पंख लगाएं। इससे काम पूरे होने के योग बन सकते हैं। माना जाता है कि घर में मोर पंख हों, तो कोई बुरी शक्ति प्रवेश नहीं कर पाती। यह घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर करके सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है। इसीलिए घर के मेन गेट पर 3 मोर पंख स्थापित करने से भी वास्तु दोष दूर करने में मदद मिलती है। यह खुशहाली लाने में सहायक होता है। इसके अलावा मोर पंख को घर की दक्षिण दिशा में स्थित तिजोरी में खड़ा करके रखने से धन की कमी नहीं होती।
वैवाहिक जीवन में तनाव हो तो बेडरूम में मोर पंख रखें। इससे पति-पत्नी के बीच प्यार बढ़ता है और आपसी कलह दूर होती है। इसके अलावा बेडरूम में मोर की सुंदर तस्वीर रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है। मोर की तस्वीर को दरवाजे के सामने रखा जाना चाहिए। यदि पूजा का स्थान वास्तु के विपरीत है, तो उसे मोर पंखों से सजाएं। इन पंखों को कुमकुम का तिलक करें। मोर पंख को घर में स्थापित करने के लिए कोई भी शुभ दिन चुनकर ऐसी जगह रखें, जहां घर से जाते-आते समय आपकी नजर पड़े। ऐसा करने से घर से नकारात्मक शक्तियां खत्म होती हैं और सकारात्मक ऊर्जा के संचार में वृद्धि होती है।

Back to top button