मनोज तिवारी ने गाय के गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमा का किया विसर्जन, रवि किशन भी मौजूद

नई दिल्ली। दस दिन तक चलने वाले गणेश महोत्सव का रविवार को दूसरा दिन था। कुछ लोग अपने घर पर स्थापित गणेश प्रतिमा का विसर्जन दूसरे दिन करते हैं। दिल्ली के अधिकतर लोग गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए यमुना घाटों पर जाते हैं, लेकिन इस वर्ष कोरोना संक्रमण ने इस पर ब्रेक लगा दी है। लोग अपने घरों और पार्कों में प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं।

दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने अपने सरकारी आवास पर शनिवार को गाय के गोबर से निर्मित इको फ़्रेंड्ली गणेश प्रतिमा को स्थापित किया था, जिसका रविवार को उन्होंने विसर्जन किया। इस अवसर पर उनके साथ गोरखपुर के भाजपा सांसद रविकिशन भी मौजूद थे। मनोज तिवारी ने पहले अपने घर में स्थापित गणेश प्रतिमा की पूजा अर्चना की और आरती की। उसके बाद पीले कुर्ते में भगवा पट्टा और तिलक लगाए सांसद तिवारी अपने साथी सांसद रविकिशन और अपने लोगों के साथ गणेश प्रतिमा को दोनों हाथों में लिए गणपति बाप्पा मोरया के जयकारों के साथ अपने घर के लाॅन में एक पानी भरे टब में प्रतिमा का विसर्जन किया। इस अवसर पर सांसद मनोज तिवारी ने भगवान से प्राथना की कि सबका भला करें।

उधर, अपनी महिला सहेलियों के साथ गीत गाती मूर्ति विसर्जन को जाती हुई दक्षिणी दिल्ली निवासी गायत्री गुप्ता ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया, “मैं हर वर्ष गणेश चतुर्थी को अपने घर मूर्ति स्थापित करती हूँ। पहले विसर्जन के दिन हम गीत गाते, डोल बजाते और रंग बिखेरते हुये यमुना घाट पर विसर्जन के लिए जाते थे। लेकिन अबके कोरोना के कारण छोटी मूर्ति स्थापित की थी। वैसे हमारे उत्साह में कोई कमी नहीं है, लेकिनअबके मूर्ति विसर्जन घर के पास पार्क में ही कर रहे हैं। एक बड़े टब में पानी भर लिया है उसी को यमुना मान कर विसर्जन कर देंगे। हमने भगवान गणेश से प्राथना की है कि भगवान जल्द से जल्द इस कोरोना बीमारी को भगा दें। अगले वर्ष पहले की तरह धूमधाम से आपकी सेवा कर सकें।”

Back to top button