मंगलौर: पुलिस पर आरोप बजरंग दल के कहने पर लड़कियों को किया डांस पार्टी से बाहर
September 28, 2015
2 minutes read
बेंगलुरु. मंगलौर पुलिस पर आरोप लगा है कि उसने बजरंग दल के कहने पर डिस्कोथेक में डांस कर रही लड़कियों को जबरदस्ती बाहर जाने पर मजबूर किया। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि पार्टी ऑर्गनाइजर्स ने इसके लिए परमिशन नहीं ली थी। बता दें कि शनिवार को यहां के एक थ्री स्टार होटल में चल रही पार्टी को पुलिस ने रुकवा दिया था। पुलिस ने पार्टी में मौजूद सभी महिलाओं को बाहर जाने के लिए कहा था। इसके बाद पुलिस पर आरोप लग रहे हैं कि उसने बजरंग दल के दबाव पर यह कार्रवाई की।
बजरंग दल ने की पुलिस एक्शन की तारीफ
अंग्रेजी वेबसाइट हिंदुस्तान टाइम्स.कॉम की खबर के मुताबिक, बजरंग दल के स्टेट प्रेसिडेंट शरन पुंपवैल पुलिस एक्शन को सही ठहरा रहे हैं। शरद का कहना है कि उनकी संस्था के कार्यकर्ता बाहर इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, “रेड के दौरान पुलिस अंदर गई और लड़कियों को जाने के लिए कहा। हम मंगलौर पुलिस का इस कार्रवाई के लिए शुक्रिया अदा करते हैं। पहले वे हमारे साथ सहयोग नहीं करते थे, लेकिन पिछले कुछ महीने से काफी कुछ बदल गया है।”
‘अजनबी आदमियों के सामने नाचना हमारी संस्कृति नहीं’
2009 के पब अटैक का जिक्र करते हुए जिसमें श्री राम सेना के कार्यकर्ताओं के द्वारा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की गई और उन्हें पीटा गया था, उन्होंने कहा, “जब हम महिलाओं की सेफ्टी के लिए कानून अपने हाथों में लेते हैं तो हमारी आलोचना की जाती है। इस बार हमने कानून का पालन किया और पुलिस में इसकी शिकायत की। डांस पार्टियां ड्रग और सेक्स माफिया द्वारा ऑर्गनाइज की जाती हैं। लड़कियों का सैकड़ों अजनबी आदमियों के सामने डांस करना इंडियन कल्चर के खिलाफ है।”
क्या कहना है पुलिस का
मंगलौर पुलिस कमिश्नर एस. मुरुगन का कहना है कि इवेंट ऑर्गनाइजर्स के पास न तो लिकर परमिट था और न ही डीजे म्यूजिक की परमिशन ली गई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई जरूरी थी, क्योंकि इसमें कम उम्र के लोग भी शामिल थे। मुरुगन ने इस बात से इनकार कर दिया कि केवल लड़कियों को बाहर जाने के लिए कहा गया था।
विदेशी भी शामिल
पार्टी में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ शामिल हुए एक शख्स ने बताया, “पुलिस वहां पहुंची और ऑर्गनाइजर्स से म्यूजिक बंद करने को कहा। इसके बाद सभी महिलाओं को बाहर जाने के लिए कहा गया। वहां पांच-छह विदेशी महिलाएं भी थीं। उन्हें भी बाहर जाने के लिए कहा गया।” बताया जा रहा है कि इस दौरान इन विदेशी महिलाओं ने ऑर्गनाइजर्स से बहस की और उनसे एंट्री फीस वापस मांगी।
इस पार्टी में लाइन एंड साउंड प्रोडक्शन क्रू के एक मेंबर ने बताया कि पार्टी महिलाओं के बिना भी चलती रही और म्यूजिक रात 10.20 पर बंद हो गया। उसने बताया, “पुलिस ने सात बजे के आसपास म्यूजिक रोका और 45 मिनट के बाद हमें इसे फिर से शुरू करने की इजाजत दे दी, जब सारी महिलाएं जा चुकी थीं। उन्होंने हमें आवाज कम करने को भी कहा।” बताया जा रहा है कि जब पुलिस पहुंची तो डांस फ्लोर पर 20 महिलाएं मौजूद थीं, जबकि 40-50 महिलाएं बाहर इंतजार कर रही थीं।
September 28, 2015
2 minutes read