भारी बर्फबारी : CM योगी और उत्तराखंड के CM त्रिवेंद्र सिंह रावत केदारनाथ में फंसे

भारी बर्फबारी के कारण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत केदारनाथ में ही फंस गए हैं। मौसम में सुधार होने के बाद दोनों बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचे थे। जहां दोनों सोमवार की सुबह केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया के साक्षी बने। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने बर्फबारी का भी लुत्फ उठाया। 

पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खराब मौसम के कारण अभी दोनों लोग केदारनाथ में ही रुके हुए हैं। मौसम में सुधार होते ही बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे।

भाई दूज पर केदारनाथ धाम के कपाट बर्फबारी के बीच शीतकाल के लिए सुबह 8.30 बजे विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक व राज्य मंत्री धन सिंह रावत मौजूद थे।

आज सुबह 5.30 बजे शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ गर्भ गृह के कपाट बंद कर दिए गए। लेकिन लगातार हो रही बर्फबारी के कारण मंदिर के द्वार और डोली प्रस्थान में देरी हुई।

Back to top button