भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का हार्ट अटैक से निधन, सीएम योगी ने जताया शोक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की सदर सीट के भारतीय जनता पार्टी के विधायक जन्मेजय सिंह का गुरुवार देर रात लखनऊ में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह वह 75 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्मेजय सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है ।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि रात में उनकी तबीयत खराब होने पर पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद रात दस बजे हालत बिगड़ी तो लोहिया संस्थान रेफर कर दिए गए। यहां मेडिसिन के डॉक्टरों ने देखकर कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया। लोहिया संस्थान के एमएस डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक पेस मेकर लगाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उन्हें हार्ट अटैक आया था।

इससे पहले सिविल अस्पताल में उनकी कोरोना वायरस संक्रमण की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बताया जा रहा है कि चार माह पूर्व भी जन्मेजय सिंह को माइनर अटैक पड़ा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक जन्मेजय सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Back to top button