भाजपा नेता हत्याकांड पर पुलिस कर रही लीपा-पोती – डॉ.नीरज कौशिक

बागपत। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष व ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्रालय के सदस्य डॉ. नीरज कौशिक ने बागपत भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर के हत्या कांड पर पुलिस-प्रशासन को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस हत्याकांड पर लीपा-पोती करने पर लगी हुई है। अपराध पर नियंत्रण पुलिस-प्रशासन के वश में नहीं है।

डॉ. नीरज कौशिक बुधवार को मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि जिले में अभी कुछ अफसर अधिकारी पूर्ववर्ती सरकार के समय से जमे हुए हैं वे उसी मानसिकता के साथ काम कर रहे हैं। उनके संरक्षण में सरकारी दफ्तर भ्रष्टाचार व दलालो के अड्डे बने हुए है। जनपद बागपत का पुलिस प्रशासन नकारा है। आमजन को पुलिस परेशान करती है। सरकारी दफ्तरों में भाजपा कार्यकर्ताओं का जान-बूझकर अपमान किया जाता है।

डॉ. कौशिक ने कहा कि जब सत्ता पक्ष के नेता की हत्या सरेआम हो जाती है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि गुंडे-बदमाश, माफियाओं के हौसले कितने बुलंद हैं। अफसर शाही इतनी बढ़ गयी है कि सत्तापक्ष के लोग जनसमस्याओं का निस्तारण नही करा पा रहे है तो आमजन का क्या हाल होगा। उन्होंने कहा कि जनता न्याय व समस्याओं के निवारण के लिए भटक रही है। भ्रष्ट अफसरों की चक्की मे जनता पिसने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि जनपद मे कानून नाम की कोई चीज नही रह गयी हैं। कुछ अधिकारी विपक्ष के नेताओं के साथ मिलकर सरकार को विफल करने का प्रयास कर रहे हैं। डॉ. कौशिक ने कहा कि जल्द ही इस तथ्य से मुख्यमंत्री को अवगत कराउंगा।

Back to top button