भाजपा को अगले साल आम चुनाव में जीत दिलाने के लिए ‘महिला मोर्चा’ को नई जिम्मेदारी सौंपी.. 

भाजपा को अगले साल आम चुनाव में जीत दिलाने के लिए ‘महिला मोर्चा’ को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा का महिला मोर्चा  सोमवार से देशभर में केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की महिला लाभार्थियों से संपर्क कर व्यापक अभियान शुरू करेगा।

हर जिले में 10 महिलाएं होंगी सम्मानित

महिलाओं से जुड़ने की कोशिशों के तहत पार्टी सदस्यों ने एक साल में लाभार्थियों के साथ एक करोड़ सेल्फी लेने का लक्ष्य रखा है। भाजपा की महिला मोर्चा की प्रमुख वनती श्रीनिवासन ने कहा कि पार्टी की महिला शाखा अगले महीने भाजपा की दिवंगत दिग्गज नेता सुषमा स्वराज के नाम पर एक पुरस्कार समारोह भी शुरू करेगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली 10 महिलाओं को हर जिले में सम्मानित किया जाएगा।

योजनाओं के लाभों के बारे में बताया जाएगा

वनती ने कहा कि सेल्फी की कवायद महिलाओं से जुड़ने की पार्टी की कोशिशों का हिस्सा है। पार्टी की महिला विंग की सदस्य हर जिले में महिला मतदाताओं से संपर्क करेंगी और उन्हें आवास से लेकर रसोई गैस, शौचालय और बैंक खाते खोलने जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभों के बारे में बताएंगी।

नमो ऐप पर डाली जाएंगी सेल्फी

श्रीनिवासन ने कहा कि अगर कोई महिला सरकार की किसी भी योजना से लाभान्वित हुई होंगी, तो पार्टी के सदस्य उनके साथ एक सेल्फी लेने का अनुरोध करेंगे और उसे नमो ऐप के जरिए डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अन्य योजनाओं के बीच इन योजनाओं को लोकप्रिय बनाने में भी मदद करेगा।

जन धन योजना से 25 करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित

माना जाता है कि अकेले जन धन योजना से 25 करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित हुई हैं, जिसके तहत बिना किसी अनिवार्य न्यूनतम शेष राशि के बैंक खाते खोले जाते हैं। अन्य योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या भी कई करोड़ों में है।  

Back to top button