भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई खत्म, अब दिल्ली में होगा उम्मीदवारों के नाम का फैसला

भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का नाम तय करने को लेकर आज भोपाल में भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में सभी 29 लोकसभा सीटों के दावेदारों के नामों पर चर्चा हुई। लेकिन किसी भी सीट पर कोई सहमति नहीं बन पाई। प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने बैठक के बाद ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सभी 29 सीटों पर दावेदारों के नामों को लेकर चर्चा हुई। इसी आधार पर एक सूची बनाई गई है। जिसे प्रदेश अध्य़क्ष दिल्ली लेकर जाएंगे। जहां केंद्रीय चुनाव समिति ये तय करेगी कि कौन सा उम्मीदवार किस सीट से मैदान में उतरेगा।भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई खत्म, अब दिल्ली में होगा उम्मीदवारों के नाम का फैसला

इससे पहले प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने के लिए आज सुबह प्रदेश प्रभारी डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे, डॉ अनिल जैन और केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत विशेष विमान से भोपाल पहुंचे थे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रदेश भाजपा और संगठन से जुड़े कई आला नेता बैठक में मौजूद रहे।

पूरे प्रदेश से टिकट के दावेदारों ने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय के बाहर डेरा जमाया हुआ है। इस बीच राजगढ़ सांसद रोडमल नागर के खिलाफ कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे और उन्होंने नागर को दोबारा टिकट दिए जाने का विरोध किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी भी की।

प्रदेश चुनाव समिति सभी 29 सीटों पर चर्चा करेगी। सूत्रों का कहना है कि ज्यादा नाम आने पर छंटनी का एक क्रम और भी बढ़ सकता है। ऐसी सूरत में डॉ. सहस्त्रबुद्धे, स्वतंत्रदेव सिंह और संघ के क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते की टीम अंतिम पैनल तैयार कर केंद्रीय चुनाव समिति के लिए भेजेगी। दावेदारों के बारे में अंतिम फैसला दिल्ली में ही होगा।

Back to top button