बड़ी खबर : आगरा में 34 सवारियों समेत बस का अपहरण, हड़कंप, पुलिस ने की नाकेबंदी

आगरा। गुरुग्राम से मध्य प्रदेश जा रही एक यात्री बस को आगरा में हाइवे पर बुधवार की सुबह कुबेरपुर के पास से हाईजैक कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस – प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी व एसपी (ग्रामीण) एवं आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है।

जानकारी के मुताबिक़ जाइलो कार में सवार 8-9 लोगों ने ओवरटेक करके बस को रुकवाया और कुबेरपुर के पास एक ढाबे पर ले गए। ढाबे पर कंडक्टर से यात्रियों के पैसे (किराया) वापस कराया और चालक व परिचालक को वहीं उतारकर अपने को फाइनेंस कर्मी बताते हुए यात्रियों सहित बस को हाईजैक कर ले गए।

एसएसपी ने कहा है कि प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बस को ले गए हैं। सवाल ये है कि अगर बस को ले जाने वाले लोग फाइनेंस कर्मी थे, तो फिर यात्रियों को अपने साथ क्यों ले गए ? यात्रियों में बच्चे भी शामिल हैं। तीन घंटे से ऊपर हो गए बस का कुछ पता नहीं चला है। आगरा हाइवे पर जगह-जगह पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है।

Back to top button