बेंगलुरु में सजेगा हथियारों का बाजार, रक्षा मंत्री ने लांच की एयरो इंडिया की वेबसाइट

नई दिल्ली। बेंगलुरु के येलहंका वायु सेना स्टेशन पर एयरो इंडिया-2021 के 13वें संस्करण में 03 से 07 फरवरी तक हथियारों का अंतरराष्ट्रीय बाजार सजेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को इसके लिए वेबसाइट लांच की। इसके बाद उन्होंने एयरो इंडिया शो की तैयारियों की समीक्षा भी की। ‘एयरो इंडिया’ विमानन क्षेत्र में हो रही प्रगति और नए विचारों को दुनिया से साझा करने के लिए बड़ा मंच है।

एयरो इंडिया शो रक्षा उद्योग को पेशेवर बाजार बनाने, नई तकनीक की घोषणा करने और मीडिया कवरेज में सक्षम बनाता है। यह अंतरराष्ट्रीय विमानन क्षेत्र को व्यापार के लिए एक अनूठा मंच प्रदान करता है। एयरो इंडिया संभावित ग्राहकों और निवेशकों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। इसमें हजारों व्यापार आगंतुकों और लाखों सामान्य आगंतुकों के भाग लेने की संभावना है।
एयरो इंडिया का लोगो तेजस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए) से प्रेरित है। तेजस एलसीए अपनी श्रेणी का सबसे छोटा और हल्का मल्टी-रोल सुपरसोनिक फाइटर एयरक्राफ्ट है। भारतीय वायु सेना और भारतीय नौसेना की जरूरतों के हिसाब से इस एकल इंजन वाले को फाइटर एयरक्राफ्ट को डिजाइन और विकसित किया गया है। लोगो के केंद्र में अशोक चक्र के साथ तेजस एलसीए का तीन रंगों वाला चिह्न इस लोगो का मुख्य मूलमंत्र है, जो न्यू इंडिया की भावना की याद दिलाता है। एयरो में ‘ए’ की परिभाषित रूपरेखा एक लड़ाकू जेट का प्रतीक है, जो यह बताता है कि एयरो इंडिया एक प्रमुख वैश्विक एयरोस्पेस प्रदर्शनी है।
उल्लेखनीय है कि ‘एयरो इंडिया’ विमानन क्षेत्र में हो रही प्रगति और नए विचारों को दुनिया से साझा करने के लिए बड़ा मंच है। भारत दुनिया में हथियारों का सबसे बड़ा बाजार हैं, ऐसे में दुनिया भर की हथियार बनाने वाली कंपनियों की नजर हर साल भारत में आयोजित होने वाले ‘एयरो इंडिया’ पर रहती है। रक्षा उपकरणों का बाजार होने के साथ ही एयरो इंडिया युद्धक विमानों के हवाई करतब के लिए भी मशहूर है। एयर शो के दौरान देश-विदेश के अत्याधुनिक जंगी विमान आसमान से गर्जना करके अपनी हवाई ताकत का प्रदर्शन करते हैं।
The post बेंगलुरु में सजेगा हथियारों का बाजार, रक्षा मंत्री ने लांच की एयरो इंडिया की वेबसाइट appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button