बीजेपी विधायक जन्मेजय सिंह की हार्ट अटैक से हुई मौत

जुबिली न्यूज़ डेस्क
उत्तर प्रदेश सरकार को एक और झटका लगा है। यहां देवरिया सदर से विधायक जन्मेजय सिंह का देर रात निधन हो गया है। उन्होंने राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि विधायक पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे, लेकिन देर रात हार्ट अटैक की वजह से उनका निधन हो गया है। उनके निधन पर सीएम योगी ने शोक जताया है।
सीएम ने ट्वीय कर कहा कि देवरिया सदर विधान सभा क्षेत्र के विधायक जन्मेजय सिंह के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर शोक हुआ।सिंह के निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता और जनता ने अपना सच्चा हितैषी खो दिया है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों मे स्थान दें। ॐ शांति।
जन्मेजय सिंह 75 वर्ष के थे। भाजपा विधायक विधानसभा के मॉनसून सत्र में शामिल होने देवरिया से लखनऊ आए थे। वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सदन की पहले दिन की कार्यवाही में शामिल हुए। करीब चार महीने पहले भी जन्मेजय सिंह को माइनर अटैक पड़ा था।

इसके बाद देर रात उनकी तबीयत खराब हो गई जिसके बाद उन्हें पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद रात दस बजे हालत बिगड़ी तो लोहिया संस्थान रेफर कर दिए गए। यहां मेडिसिन के डॉक्टरों ने उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग रेफर कर दिया। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता और एमएस डॉ. विक्रम सिंह के अनुसार पेस मेकर लगाने के दौरान ही उनकी मत्यु हो गई।
बता दें कि देवरिया जिले की सदर सीट के भाजपा के विधायक जन्मेजय सिंह का जन्म सात जुलाई, 1945 को उत्तर प्रदेश के देवरिया में उनके पिता त्रिलोकीनाथ सिंह के घर हुआ था। उन्होंने गुजराती देवी के साथ शादी की थी और उनके तीन बेटे और चार बेटियां हैं। जन्मेजय सिंह बीजेपी से लगातार दो बार से देवरिया सदर विधानसभा सीट विधायक थे।
पहली बार बसपा से जीतकर पहुंचे विधानसभा
हालांकि, जन्मेजय सिंह 2000 में हुए उपचुनाव में पहली बार बसपा से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। बाद में 2002 में हुए आम चुनाव में सपा के शाकिर अली से हार गए थे। इसके बाद 2007 में वह बीजेपी में शामिल हो गए।  वो उत्तर प्रदेश की 16वीं और 17वीं विधान सभा के सदस्य रहे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में देवरिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
सपा अध्यक्ष ने जताया दुःख 
वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी जन्मेजय के निधन पर शोक जताया है। सपा प्रमुख ने ट्वीट कर कहा कि देवरिया सदर सीट से भाजपा विधायक श्री जन्मेजय सिंह जी का निधन अत्यंत दुखद! दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे भगवान।

Back to top button