बलिया: निजी चैनल के पत्रकार की गोली मार कर हत्या, मचा हड़कंप

बलिया में निजी चैनल के पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। फेफना थाना से करीब 500 मीटर वारदात को अंजाम दिया गया। सहारा समय टीवी चैनल के पत्रकार रतन सिंह को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी जिससे मौके पर ही पत्रकार की मौत हो गई। 40 वर्षीय रतन सिंह ने हमलावरों से बचने के लिए भागने की कोशिश की लेकिन दौड़ाकर गोली मार दी गई। देर रात तक शव गांव पर ही था। पुलिस छानबीन में जुटी है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।

रतन सिंह सोमवार को पूरे दिन जिला मुख्यालय पर रहने के बाद शाम को फेफना स्थित अपने गांव चले गए। शाम को गांव में ही किसी के यहां बैठने के बाद पैदल ही वापस घर जा रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उन पर फायर झोंक दिया। ग्रामीणों के अनुसार जान बचाने के लिए रतन ग्राम प्रधान के घर में घुस गए लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा और एक-एक कर तीन गोलियां दाग दीं। इससे रतन की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

Back to top button