प्रेमिका ने की बेवफाई, प्रेमी ने लगाई तीसरी मंजिल से छलांग

suicideattempt02_14430122फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में बुधवार को एक युवक ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में दाखिल यह युवक अपनी इस अजीब-ओ-गरीब हरकत के लिए प्रेमिका की बेवफाई को जिम्मेदार बता रहा है। दूसरी तरफ पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। इसी बीच यह भी पता चला है कि इस जोड़े को एसीपी ने सुलह के लिए बुलवाया था, जहां लड़की ने उसके साथ रहने से मना कर दिया और वह ऊपर से कूद गया। डॉक्टरों से उसे दिल्ली सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
 
एक साल से था अफेयर
ओल्ड फरीदाबाद की महात्मा गांधी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अमन के अनुसार वह 10वीं कक्षा में पढ़ता है। उसे करीब एक साल पहले पास की एक कॉलोनी में रहने वाली लड़की से प्यार हो गया। एक साल तक अफेयर चलने के बाद दोनों ने शादी करने का मन बनाया। लड़की वाले इस बात के लिए राजी नहीं हुए, इसलिए अमन उसे लेकर कुछ दिन पहले घर से भाग गया। लड़की के परिजनों ने इस मामले की सूचना ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस को दी। पुलिस ने 9 सितंबर 2015 को अमन के खिलाफ नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज कर लिया
 कोर्ट मैरिज कर लौटे
अमन ने युवती के साथ चंडीगढ़ हाईकोर्ट में मैरिज कर ली। करीब सप्ताहभर तक वे एकसाथ बाहर रहे थे। इसके बाद दोनों 4 दिन पहले फरीदाबाद लौट आए। उन्होंने कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को सेक्टर-30 पुलिस लाइन में प्रोटेक्शन हाऊस में ठहरा दिया। दोनों के बालिग होने के चलते पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की और न ही अमन को अरेस्ट किया। तब से दोनों यहीं रह रहे थे।
 
 
लड़की की मां ने दी शिकायत
उधर लड़की की मां ने पुलिस को शपथ पत्र दिया और कहा कि उनकी बेटी की उम्र की जांच की जाए। वह नाबालिग है। इस कारण बुधवार को ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस अमन व लड़की को लेकर सेक्टर-12 लघुसचिवालय की तीसरी मंजिल पर स्थित एसीपी के ऑफिस आई थी। बुधवार को छुट्टी थी, इसलिए एसीपी दर्शनलाल मलिक उस समय अपने ऑफिस में नहीं थे।
 
लड़की ने कर दिया मना
अमन ने बताया कि एसीपी के द तर के सामने उनके व लड़की के परिजन भी थे। लड़की ने कुछ देर अपनी मां से बात की। इसके बाद उसने उसके साथ रहने से साफ इंकार कर दिया। उसने उसे समझाया लेकिन वह नहीं मानी। इस बात से अमन परेशान हो गया और वह तुरंत तीसरी मंजिल से नीचे कूद गया। उसके इस कदम से दोनों परिवार सहम गए। लड़की व उसके परिजन मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना सेंट्रल थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस अमन को लेकर तुरंत बीके अस्पताल पहुंची।
 
 मैं राजी थी शादी के लिए : अमन की मां
अमन की मां संतोष ने बताया कि मै इस शादी के खिलाफ नहीं थी। संतोष के अनुसार वह अपने बेटे की बहु को अपने साथ रखना चाहती थी लेकिन बुधवार दोपहर को लड़की ने उनके साथ जाने से मना कर दिया। अब मेरे बेटे की हालत खराब हो रही है। संतोष बार-बार बेटे की तरफ देखकर रो रही थी।
 
क्या कहते हैं अधिकारी
 
हमारे पास लड़की की मां ने शपथपत्र देकर मामले की जांच के लिए कहा था। बुधवार को मेरी आज छुट्टी थी लेकिन मुझे पता लगा है कि लड़की ने अमन के साथ रहने से मना कर दिया, इसलिए वह कूद गया। -दर्शनलाल मलिक, एसीपी, सेंट्रल।
 
अमन के खिलाफ 9 सितंबर को नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज है। अभी कुछ रोज पहले वह कोर्ट मैरिज कर लौटा है। बुधवार को दोनों को पूछताछ के लिए एसीपी ऑफिस ले गए थे। वहां तीसरी मंजिल से अमन कूद गया। बाद में देखेंगे कि क्या कार्रवाई करनी है। -दिलबाग सिंह, एसएचओ, ओल्ड फरीदाबाद थाना।

 

Back to top button