प्रशासन ने कश्मीर घाटी में संक्रमितों की बढ़ती संख्या और मौतों को देखते हुए, लॉकडाउन की कर दी घोषणा

कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ रहे मामलों ने केंद्र प्रशासित जम्मू कश्मीर प्रदेश प्रशासन को एक बार फिर लॉकडाउन लागू करने पर मजबूर कर दिया। प्रशासन ने कश्मीर घाटी में संक्रमितों की बढ़ती संख्या और मौतों को देखते हुए आज से ही पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। यह लाॅकडाउन 27 जुलाई की सुबह तक श्रीनगर समेत वादी के नौ जिलों में प्रभावी रहेगा। बांडीपोर जिले में यह लाॅकडाउन प्रभावी नहीं होगा।

प्रदेश प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लॉकडाउन की प्रक्रिया आज से शुरु कर दी गई है। यह वीरवार को पूरी तरह प्रभावी हो जाएगा। कश्मीर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रह हैं। पूरे प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 15 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। मृतकों की संख्या भी 270 हो गई है। इनमें से करीब 250 कश्मीर घाटी में ही हैं। कई स्वास्थ्यकर्मी, सुरक्षाकर्मी और कुछ प्रशासनिक अधिकारी भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। वादी में सिर्फ बांडीपोर जिला ही ओरेंज जोन में है। अन्य नौ जिले रेड जोन में हैं।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों और कश्मीर के नागरिक समाज के विभिन्न वर्ग लगातार लॉकडाउन को फिर से लागू करने पर जोर दे रहे हैं। इसलिए हालात को देखत हुए प्रशासन ने लॉकडाउन-2 लागू करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की सुबह यह लॉकडाउन समाप्त होगा। उसके बाद हालात की दोबारा समीक्षा होगी। उसके अनुरूप ही इसे हटाने या इसमें विस्तार का फैसला लिया जाएगा। लॉकडाउन की अवधि के दौरान आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी निर्देशावली के मुताबिक सभी प्रकार के कृषि कार्य, बागवानी और निर्माण गतिविधियां जारी रहेंगे। इसके अलावा जरूरी साजो सामान के वाहनों, एलपीजी व तेल टैंकरों की आवाजाही पर भी कोई रोक नहीं होगी।

Back to top button