पूर्व सीएम कल्याण सिंह पॉजिटिव, एसजीपीजीआई में भर्ती

नेताओं में तेजी से फैल रहा संक्रमण, अब तक दर्जनों माननीय पॉजिटिव
लखनऊ। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच अब राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह भी इसकी चपेट में आ गए हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के कोराना हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। राजधानी में माल एवेन्यू में निवास कर रहे कल्याण सिंह को विगत दो दिन से बुखार आ रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका नमूना लिया था। जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आज उनको एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। कल्याण सिंह के पौत्र व प्रदेश सरकार में वित्त, तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि कोरोना का कोई लक्षण नहीं नजर आने के बावजूद सावधानी बरतने के लिए उनकी जांच करायी गई। संक्रमण की पुष्टि के बाद उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती करा दिया गया है।
कल्याण सिंह के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मिलने पर कई नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री, उप्र एवं पूर्व राज्यपाल, राजस्थान व भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं हमारे मार्गदर्शक श्रद्धेय कल्याण सिंह का कोरोना पॉजिटिव होने का समाचार प्राप्त हुआ है। प्रभु श्रीरामजी से आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हम सबकी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भाजपा के वरिष्ठतम नेताओं में से एक कल्याण सिंह बाबू के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर मिली। ईश्वर से प्रार्थना है कि बाबूजी को जल्द ऊत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।
दरअसल प्रदेश में नेताओं के बीच कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। शामली से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। आज भाजपा कार्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचे विधायक की एंटीजन जांच में कोरोना की पुष्टि हुई। विधायक को हल्की खांसी और गले में खराश की समस्या है। वह होम आइसोलेशन में चले गए हैं। वहीं उनका नमूना आरटीपीसीआर जांच के लिए भी मेरठ भेजा गया है। हाल ही में प्रदेश के कारागार एवं लोक सेवा प्रबंधन राज्य मंत्री जय कुमार सिंह जैकी इससे संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले इसी महीने जल शक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले प्रयागराज से भाजपा सांसद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी कोरोना संक्रमित पायी गई थीं।

Back to top button