पुलवामा में हुए आतंकी हमले पर बोले महेशाश्रम- सरकार हमला करे, नहीं तो सीमा पर जाएंगे दंडी संन्यासी

कुंभनगर : कश्मीर में आतंकी हमले में सीआरपीएफ के जवानों के शहीद होने से कुंभनगर में मौजूद संत, महात्मा आहत हैं। दंडी संन्यासी नगर स्थित जगद्गुरु स्वामी महेशाश्रम के शिविर में संन्यासियों व कल्पवासियों ने यज्ञ, पूजन व प्रार्थना करके मृतक जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। आतंकवाद का नाश करने के लिए संन्यासियों ने मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ कुंड में आहुतियां भी डालीं।पुलवामा में हुए आतंकी हमले पर बोले महेशाश्रम- सरकार हमला करे, नहीं तो सीमा पर जाएंगे दंडी संन्यासी

कहा, अब देश नहीं सहन करेगा आतंकी हमला

इस दौरान स्वामी महेशाश्रम ने कहा कि देश अब आतंकी हमला नहीं सहन करेगा। केंद्र सरकार पाकिस्तान पर हमला करके जवानों की शहादत का बदला ले। ऐसा न हुआ तो कुंभ बीतने के बाद हजारों दंडी संन्यासी प्रयाग से सीधे सीमा पर जाकर आतंकवादियों से मोर्चा लेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार कर्तव्य मार्ग से पीछे हटी तो दंडी संन्यासी जवानों के बीच जाकर पूजन-यज्ञ करने के साथ सीमा पर खड़े होकर उनका सहयोग करेंगे। अगर हमें रोका गया तो वहीं धरने पर बैठ जाएंगे।

जवानों की शहादत से पूरा देश मर्माहत : स्वामी विमलदेव

स्वामी विमलदेव आश्रम ने कहा कि जवानों की शहादत से पूरा देश मर्माहत है। समय आ गया है कि पाकिस्तान में पल रहे आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। स्वामी ब्रह्माश्रम ने कहा कि आतंकवादियों की कायराना हरकत का केंद्र सरकार तत्काल कड़ा जवाब दे। संयोजन आचार्य धनंजय शास्त्री ने किया। इस दौरान स्वामी शंकराश्रम, स्वामी रामाश्रम, स्वामी परमेश्वराश्रम, स्वामी जगदीशाश्रम, स्वामी सुरेशाश्रम, स्वामी मोहनाश्रम आदि मौजूद रहे।

Back to top button