पश्चिम बंगाल : आजादी की वर्षगांठ पर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, कई समर्थक बुरी तरह घायल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आज राजनीति का इतना घिनौना सच देखने को मिला जो कल्पना से परे कहा जा सकता है। देश की आजादी की वर्षगांठ पर यहां बंगाल में जगह-जगह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा किए जा रहे झंडोत्तोलन के दौरान हिंसा की दर्जनों घटनाएं हुई हैं।

हुगली जिले के खानाकुल में भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा झंडोत्तोलन की तैयारी के दौरान तृणमूल के लोगों ने हमला किया और झंडोत्तोलन के लिये बनी बेदी को तहस-नहस कर दिया। विरोध करने वाले एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गयी। अन्य कई भाजपा समर्थक बुरी तरह घायल हुए।

दूसरी ओर दक्षिण 24 परगना के नरेंद्रपुर में कई भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथ पैर तोड़ दिए गए, इनमें से कई कार्यकर्ताओं को गंभीर हालत में अस्पतालों में भर्ती कराया गया है इस तरह की घटनाएं अन्य कई जिलों में भी हुई हैं जहां या तो भाजपा के लोगों को झंडोत्तोलन करने से रोका गया या फिर तिरंगा यात्रा करने से रोक दिया गया। इसमें पुलिस प्रशासन ने कई जगह लाठीचार्ज भी किया कई जगह भाजपा के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया गया है।

हुगली के खानाकुल में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में भाजपा ने कल 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। भाजपा का आरोप है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते प्रभाव से चिंतित राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के निचले स्तर के नेता और कार्यकर्ताओं ने प्रायः हर जिले में ऐसी छिटपुट घटनाओं को अंजाम दिया है।

Back to top button