पटना के गांधी मैदान में बिहार दिवस कार्यक्रम का हुआ उद्घाटन

पटना। बिहार आज अपना 106वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना रहा है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य समारोह का उद्धाटन उपराष्ट्रपति वैकैंया नायडू, बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस बार बिहार दिवस का थीम चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह है, इसी वजह से पूरा गांधी मैदान गांधीमय दिख रहा है। चंपारण सत्याग्रह शताबदी वर्ष की झलक गांधी मैदान में हर ओर देखने को मिल रही है। गांधी मैदान में गांधी जी की स्मृतियों को बेहतरीन तरीके से दिखाया गया है। कार्यक्रम में शिरकत करने बिहार के कोने-कोने से लोग आए हैं।

यह कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा जिसमें कुल चार हजार स्कूली बच्चे शामिल होंगे। बिहार दिवस में बाल विवाह और दहेज प्रथा को मिटाने के संदेश भी दिए गए हैं।

फूड स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में व्यंजन मेला भी लगाया गया है, जिसमें पारंपरिक व्यंजन खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस व्यंजन मेला में बिहारी व्यंजन लिट्टी-चोखा ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों के व्यंजनों के स्टाल भी लगाए गए हैं।

Back to top button