न्यूजीलैंड हमला: मस्जिद पर हुए आतंकी हमले में 49 की मौत,9 भारतीय लापता

इंटरनेशनल|
न्यूजीलैंड की दो मस्जिद में शुक्रवार को हुए आतंकी हमले में करीब 9 भारतीय अथवा भारतीय समुदाय के नागरिकों के लापता होने की खबर है। न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहनी ने अलग-अलग सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी ट्विटर पर दी। इस गोलीबारी में कम-से-कम 49 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद अधिकारियों ने एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है और तीन अन्य को हिरासत में ले लिया गया। एक विस्फोटक का समय रहते पता लगा लिया गया। ऐसा लग रहा है कि इस नस्लीय हमले की योजना बहुत सावधानीपूर्वक तैयार की गई थी।
पीएम ने कहा : ‘हिंसा की एक असाधारण और अभूतपूर्व” घटना
प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने इसे ”हिंसा की एक असाधारण और अभूतपूर्व” घटना बताते हुये स्वीकार किया कि इसमें प्रभावित लोग या तो प्रवासी हैं या फिर शरणार्थी हैं। मृतकों की संख्या बताते हुये उन्होंने कहा कि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा, ”यह स्पष्ट है कि इसे अब केवल आतंकवादी हमला ही करार दिया जा सकता है। हम जितना जानते हैं, ऐसा लगता है कि यह पूर्व नियोजित था।” 
बनाया लाइव वीडियो
हमलावर ने संभवत: एक लाइवस्ट्रीम वीडियो भी बनाया जिसमें इस भयावह कांड की वीभत्सता को दर्ज किया गया है। बंदूकधारी मस्जिद में करीब दो मिनट रहा और वहां मौजूद नमाजियों पर बार बार गोलियां दागीं। यहां तक कि उसने पहले ही दम तोड़ चुके लोगों पर भी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। वहां से वह सड़क पर निकला और पैदल चल रहे लोगों पर गोलियां बरसाईं। फिर वह वापस मस्जिद में गया और करीब दो दर्जन से अधिक लोग जमीन पर पड़े थे। वहां से फिर वह वापस आया और एक महिला को गोली मार दी और अपनी कार में आकर बैठ गया। 
 

Back to top button