नेपाल में नया संविधान लागू, विरोध में हुई हिंसा में एक की मौत

nepal-constitutionकाठमांडू (20 सितंबर):नेपाल के राष्ट्रपति राम बरन यादव ने नया संविधान लागू कर दिया है। गौरतलब है नेपाल में गृह युद्ध ख़त्म होने के करीब एक दशक बाद नया संविधान लागू हो पाया है। राष्ट्रपति के संविधान दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद काठमांडू में सांसदों ने तालियां बजाकर अभिनंदन किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल में नए संविधान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस फ़ायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई। नए संविधान को लेकर देश के कई हिस्सों में जारी विरोध के मद्देनज़र कई इलाक़ों में कर्फ़्यू लगाया गया है। राजधानी काठमांडू में भी सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। देश के दक्षिणी इलाक़े में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने फ़ायरिंग की जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

नए संविधान के तहत हिंदू बहुल नेपाल एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बन गया है। नेपाल में अब से राजशाही इतिहास बन गया है। नए संविधान के मुताबिक नेपाल मे अब संघीय ढांचे के तहत सात प्रांत होंगे। हालांकि, नेपाल के दक्षिणी इलाक़े में रहने वाले जातीय अल्पसंख्यकों का कहना है कि नए संविधान के तहत वे राजनीतिक रूप से पिछड़ जाएंगे। नया संविधान देश में राजशाही समाप्त होने के बाद आठ साल चले राजनीतिक बदलाव के बाद लागू हो रहा है। गौरतलब है, संविधान के प्रस्तावों के ख़िलाफ़ दक्षिणी इलाक़ों में चल रहे विरोध प्रदर्शनों में अब तक चालीस से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं।

 
 
 
Back to top button