नकली गुटखा फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, दो लाख का माल बरामद

देव श्रीवास्तव/लखीमपुर-खीरी।

सदर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार आधी रात को शहर के एक मोहल्ले में छापेमारी कर करीब दो लाख रुपए का नकली गुटखा बरामद किया। मौके से एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी शनिवार की सुबह पुलिस द्वारा मीडिया को दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली पुलिस को शुक्रवार की रात मुखबिर ने सूचना दी कि कोतवाली क्षेत्र की चौकी संकटा देवी के अंतर्गत मोहल्ला सुभाष नगर में संजय सिंह के मकान में एक फैक्ट्री चल रही है। इसमें नकली गुटखा बनाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार आधी रात के बाद छापेमारी की, इस छापेमारी में पुलिस को कमला पसंद व राजश्री गुटखा के 600 पैकेट तैयार बरामद हुए, जिनमें 60 हजार पीस गुटका निकला, इसके साथ ही 20 किलोग्राम तंबाकू, 14 किलोग्राम रसरंजन करीब 2 कुंतल सुपारी, 9 किलोग्राम सफेद पाउडर, 7 किलोग्राम भूरा पाउडर व अन्य विभिन्न प्रकार के 14 पैकेट, 15 लीटर केमिकल, खाली रैपर कमला पसंद कंपनी के करीब 35 हजार, खाली रैपर राजश्री कंपनी के करीब 2 हजार, पैकिंग मशीन, डिजिटल तराजू सहित अन्य उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिस की पहचान जिला सीतापुर थाना बिसवां के मोहल्ला महाराजगंज निवासी अरुण कुमार रस्तोगी पुत्र रामगोपाल रस्तोगी के रूप में हुई है। पुलिस मामले में पकडे गए युवक से पूछतांछ कर रही है। इस कंपनी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में पुलिस जुट गई है।

Back to top button