देर रात हटाये गये कानपुर के जिलाधिकारी ब्रह्मदेव राम तिवारी

यूपी में दो आईएएस व चार पीसीएस अफसर बदलेआलोक तिवारी को कानपुर का नया जिलाधिकारी
लखनऊ : प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार देर रात कानपुर नगर के जिलाधिकारी डा0 ब्रह्मदेव राम तिवारी को हटा दिया। शासन ने आलोक तिवारी को कानपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा चार पीसीएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार कानपुर नगर के जिलाधिकारी डा0 ब्रह्मदेव राम तिवारी को राजधानी में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव बनाकर भेजा गया है। वहीं केंद्र सरकार में अब तक प्रतिनियुक्ति पर रहे आईएएस अधिकारी आलोक तिवारी को कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। आलोक तिवारी सोमवार को ही केंद्र से राज्य में वापस लौटे थे।
शासन ने दो आईएएस अधिकारियों के अलावा चार पीसीएस अफसरों का भी तबादला किया है। इसमें जालौन के उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला को वहीं नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिये गये हैं। अब तक जालौन के नगर मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात रहे हरिशंकर लाल शुक्ला को सीतापुर का अपर जिलाधिकारी न्यायिक बनाया गया है।
इसके अलावा शाहजहांपुर की नगर मजिस्ट्रेट विनीता सिंह को फतेहपुर का अपर जिलाधिकारी न्यायिक और सिद्धार्थनगर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात रहे त्रिभुवन कुमार को शाहजहांपुर का नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

Back to top button