दूरदर्शन पर लौटेगा आध्यात्म का दौर, रामायण के बाद आएगा यह सीरियल

लखनऊ : 21 दिनों का लॉकडाउन के बीच एक बड़ी खबर यह है कि सरकार ने दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर ‘रामायण’ प्रसारित करने का फैसला लिया है। दूरदर्शन पर ‘रामायण’ सबसे ज्यादा सफल प्रोग्राम माना गया है। एक दौर था, जब ‘रामायण’ टीवी पर आना शुरू होता था तो गांव व मोहल्ले के लोग, जिनके घरों में टीवी होता था उनके यहां भीड़ जमा हो जाती थी। इतना ही नहीं, लोग ‘रामायण’ में भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता के किरदारों को असल में मान लेते थे। शनिवार 28 मार्च से ‘रामायण’ का प्रसारण पुनः दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर शुरू होगा। पहला एपिसोड सुबह 9.00 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9.00 बजे होगा। इसके अलावा अपने समय का सफल धारावाहिक महाभारत भी जल्द ही शुरू होगा.
पिछले काफी समय से दर्शक यह मांग कर रहे थे कि दूरदर्शन पर प्रसारित हुए ऐतिहासिक पौराणिक सीरियल रामायण और महाभारत का दोबारा प्रसारण किया जाए. सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने ट्वीट कर बताया है कि सीरियल का पहला एपिसोड सुबह 9 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9 बजे प्रसारित किया जाएगा।
सवाल यह है कि क्या यह सीरियल लोगों के दिलो-दिमाग पर पहले जैसा जादू चला सकेगा?रामायण का टेलिकास्ट दूरदर्शन पर 25 जनवरी 1987 में शुरू हुआ था। तब यह टीवी पर आने वाला पहला मेगा सीरियल था। तब दूरदर्शन भारत में चलने वाला एकमात्र टेलिविजन चैनल था। उस दौर में भारत के हर घर में टेलिविजन नहीं हुआ करता था। रविवार को सुबह जब रामायण का प्रसारण होता था तो पूरे मोहल्ले के लोग उस घर में इकट्ठे होते थे जहां टीवी मौजूद होता था। उस समय रामायण का लोगों के दिलो-दिमाग पर जादू आप ऐसे समझ सकते हैं कि जब इसका प्रसारण होता था तो सड़कें खाली हो जाया करती थीं। यह पहली बार था जबकि लोग अपने आराध्य देवों को टीवी पर देख रहे थे, इसलिए इस सीरियल को देखकर लोग भावुक भी हो जाते थे। उस दौर में दूरदर्शन का ऐसा जलवा था कि समाज में केवल हिंदू ही नहीं बल्कि मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्मों के लोगों ने रामायण को टीवी पर देखा था।
सीरियल कलाकारों की पूजा करते थे लोग
आमजन इस सीरियल से किस तरह कनेक्ट कर गया था इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि तब इस सीरियल में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल और सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया कहीं सड़कों पर निकल जाते थे तो लोग उनकी पूजा करने करने लगते थे। सीरियल में हनुमान का किरदार दारा सिंह और रावण का किरदार अरविंद त्रिवेदी ने निभाया था।

Back to top button