दिल्ली में रविवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा…

राजधानी दिल्ली में रविवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के कई हिस्सों में तापमान 35 डिग्री से भी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में सुबह-शाम की हल्की ठंडक भी समाप्त होती जा रही है। तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में रविवार सुबह तेज धूप निकली। अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा हुआ है।

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस समय का सामान्य तापमान है। रविवार का दिन इस सीजन का अब तक सबसे गर्म रहा।

वहीं, दिल्ली के चार इलाकों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी गर्मी का यह आलम बना रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मंगलवार को हो सकती है बूंदाबांदी : दिल्ली के मौसम पर एक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव मंगलवार को देखने को मिलेगा। इसके चलते दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

हवा की रफ्तार धीमी होने से एक्यूआई में बढ़ोतरी

वहीं, हवा की रफ्तार कम होने से दिल्ली की हवा फिर से खराब श्रेणी में पहुंच गई है। चिंता की बात यह है कि दिल्ली के दो इलाकों की हवा रविवार को बेहद खराब श्रेणी में रही। सफर का अनुमान है कि अगले तीन दिन वायु गुणवत्ता का स्तर 300 के आसपास रहेगा।

Back to top button