ताकि एनडीए की जीत की गूंज राहुल के ननिहाल तक सुनाई दे

amit_shah-23-10-2015-1445595560_storyimage-300x225पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह बिहार चुनावों को लेकर एक बार फिर वापस अपनी फॉर्म में लौट आए हैं। उन्‍होंने बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दोनों ही विकास विरोधी हैं। दोनों अगड़े-पिछड़े की राजनीति करते हैं। उन्होंने कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में एनडीए को विजयी बनाने के लिए बटन इतने जोर से दबाएं कि उसकी गूंज राहुल के ननिहाल इटली तक सुनायी दे।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस विशेष पैकेज की घोषणा की थी, वह नीतीश एंड कंपनी के लिए नहीं है, बल्कि बिहार के विकास के लिए है। उन्‍होंने नीतीश कुमार को अहंकार में डूबा हुआ नेता करार दिया। उन्‍होंने कहा कि नीतीश बिहार के लोगों के भविष्‍य से खिलवाड़ कर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा आरक्षण खत्म करने वाली पार्टी नहीं है। भाजपा ने देश को सबसे अधिक अति पिछड़ा सीएम दिये हैं और डंके की चोट पर अति पिछड़े से एक चायवाले को प्रधानमंत्री के पद पर बैठाया है। उन्होंने कहा कि मैंने पूरे बिहार का भ्रमण किया है। शाह हाजीपुर,  औराई, पिपरा व मीनापुर विधानसभा क्षेत्रों में सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

दो तिहाई बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी और बिहारी ही सीएम होगा। शाह ने कहा, लालू व नीतीश ने झूठ बोल कर झूठा शासन किया है। विकास सिर्फ भाजपा सरकार ही कर सकती है। आप लोगों ने  लालू व नीतीश के 25 साल का शासन देख लिया। क्या बिहार में परिवर्तन हुआ?  भाजपा शासित राज्यों में तीन फेज बिजली व एंबुलेंस की सुविधा दी जा रही है। क्या बिहार में यह सुविधाएं मिल रही हैं? उन्होंने कहा, भारत माता की दो भुजाएं हैं- पूरब व पश्चिम। पश्चिम का विकास हुआ है, तो अब पूरब का विकास होना है। हम एक ऐसा बिहार चाहते हैं, जहां के युवाओं को बाहर नहीं जाना पड़े।

 

 

Back to top button