झारखंड में कोयला घोटाले मामले में ED ने मारा छापा, पढ़े पूरी ख़बर

झारखंड में खनन घोटाले को लेकर ईडी ने फिर बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने शुक्रवार को झारखंड राज्य खनिज विकास निगम (जेएसएमडीसी) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रहे अशोक कुमार और कोयला कारोबारी इजहार खान के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान ईडी ने इजहार खान के हजारीबाग की मिल्लत कॉलोनी स्थित आवास से 3.58 करोड़ कैश बरामद किए। ईडी ने यह छापेमारी रांची, रामगढ़ और हजारीबाग में 14 ठिकानों पर की।

अशोक कुमार को पूजा सिंघल का काफी करीबी माना जाता है। अशोक कुमार के पास जेएसएमडीसी में बालू व कोयला विभागों की कमान थी। पूजा सिंघल की मनरेगा घोटाले में गिरफ्तारी के बाद अशोक पर भी 74 लाख की गड़बड़ी का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे जेएसएमडीसी से हटा दिया गया था।

सूत्रों का कहना है कि मनरेगा घोटाले में निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल ने जेएसएमडीसी के प्रबंध निदेशक रहते हुए भी अवैध तरीके से कमाई की थी। इसकी जानकारी हाथ लगने के बाद ईडी ने यह कार्रवाई की है। ईडी ने अशोक के अरगोड़ा स्थित आवास में छापेमारी की। इसके बाद हजारीबाग, रामगढ़ में ा कारोबारी इजहार खान के आवास, कारखानों में एक साथ दबिश दी गई।

इजहार खान के घर से बरामद 3.58 करोड़

ईडी ने छापेमारी में मोहम्मद इजहार के घर से तकरीबन साढ़े 3 करोड़  नकदी बरामद की है। बताया जा रहा है कि घोटाले के बाद पैसे को मोहम्मद इजहार के जरिए ही की जाती थी।

मो. इजहार के नाम पर कई शेल कंपनियां

कोयला कारोबार में इजहार खान की तूती बोलती है। सूत्रों के अनुसार उसने करीब एक दर्जन शेल कंपनियां बना रखी हैं। इनके जरिए वह सस्ते कोयले का आवंटन लेकर बाजार में ऊंची कीमत पर बेचता था। ईडी को मो इजहार के निवेश समेत कई संपत्तियों की जानकारी मिली है।

कोयला आबंटन में हुआ खेल, सुमन की भी भूमिका

सूत्रों के अनुसार पूजा सिंघल ने अशोक से मिलीभगत कर फर्जी कंपनियों को सस्ता कोयला दिलाया। इसकी तस्करी होती थी। बदले में कमीशन सीए सुमन के जरिए पूजा वसूलती थीं। ईडी ने जब सुमन के यहां रेड की थी तब 17.41 करोड़ मिला। सुमन ने तब कबूला था कि इसका बड़ा हिस्सा पूजा सिंघल का है। 

Back to top button