जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल विदेश में जाकर भारत की संप्रभुता पर सवाल उठा रहे हैं.

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को यहां कहा कि देश में कांग्रेस पार्टी खतरे में है न कि लोकतंत्र। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व वायनाड के सांसद राहुल गांधी पर लंदन में उनकी हालिया टिप्पणी पर हमला बोला। साथ ही उन्होंने इस चुनावी राज्य की जनता से ऐसे लोगों को घर बैठाने का भी अनुरोध किया।

कांग्रेस मानसिक दिवालियापन की ओर बढ़ रही: जेपी नड्डा

नड्डा ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाकर कांग्रेस मानसिक दिवालियापन की ओर बढ़ रही है, यह निंदनीय और दर्दनाक है। विजय संकल्प यात्रा के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, अपराधीकरण में लिप्त हैं और उनकी नीति फूट डालो और राज करो की रही है। अब तो उन्होंने सारी हदें पार कर दी हैं।

कांग्रेस पतन की ओर: जेपी नड्डा

उन्होंने आगे कहा कि राहुल विदेश में जाकर भारत की संप्रभुता पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों के दौरान नागालैंड में कांग्रेस को शून्य, मेघालय में पांच और त्रिपुरा में तीन सीटें मिलीं हैं। कांग्रेस पतन की ओर है।

राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए

इससे पहले जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। आजादी के बाद से भारत के इतिहास में, यहां तक कि सबसे कठिन समय में भी, भारत के किसी भी नेता ने कभी भी विदेशी शक्तियों से भारत सरकार के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील नहीं की। स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह एक बहुत ही गंभीर मामला है।

Back to top button