जानें कितनी महंगी हैं दुनिया की सबसे कीमती पेन, कीमत सुनकर हो जाओगे हैरान..

आपने कई लोगों को देखा होगा जिनकी पेन रखने की आदत होती हैं और वे हमेशा अपने साथ अपना मनपसंद पेन लेकर घूमते हैं। आपके पेन की कीमत आपकी इच्छा और जेब की क्षमता के अनुसार हो सकती हैं। लेकिन दुनिया में ऐसे भी कई पेन हैं जिन्हें खरीदने की ख्वाहिश सपनों में भी नहीं की जा सकती है क्योंकि इनकी कीमत ही इतनी है। आज हम आपको कुछ ऐसे ही महंगे पेन के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी कीमत जानकर आपके होश उड़ जाएंगे। तो आइये जानते हैं इस अनोखी और दिलचस्प जानकारी के बारे में।

औरोरा डाईमेंटे
बेशकीमती चीज़ों का शौक रखने वाले लोगों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है औरोरा डाईमेंटे पेन। इसकी कीमत 1.3 मिलियन डॉलर है। 30 कैरेट डी बीयर हीरों से सजे इस पेन के बारे में इसके निर्माताओं का कहना है कि ये एकमात्र ऐसा पेन है जो 30 कैरेट हीरों से बनाया जाता है। साल में केवल एक बार बनने वाले इस पेन का खोल प्लैटिनम से बनाया गया है और इसकी नोंक 18 कैरेट सोने से बनायी गयी है। इस पेन की ख़ासियतें जानने के बाद आप हैरान हुए बिना नहीं रह पाये होंगे।

फुल्गोर नॉकटर्नस
दुनिया के सबसे महंगे पेन की कतार में सबसे आगे है फुल्गोर नॉकटर्नस पेन, जो दुनिया का सबसे महंगा पेन है और इसे तिबाल्दी नाम की कंपनी ने बनाया है। 945 काले हीरों और 123 रूबी से सजे इस पेन की कीमत है 8 मिलियन डॉलर। इसे पेन कहने से बेहतर होगा कि इसे आभूषण कहा जाए। इसे देखने वाले हर शख्स का अरमान होता है कि इस बेशकीमती और खूबसूरत पेन को अपने पास रख ले लेकिन इसकी कीमत का अंदाज़ा भर ही चौंकाने के लिए काफी है।

हेवन गोल्ड
मशहूर डिज़ाइनर अनीता टैन द्वारा बनाया गया ये पेन दुनिया का ऐसा पहला पेन है जिसे किसी महिला ने बनाया है। 161 रंगबिरंगे हीरे और 43 कैरेट के मणि लगाकर इस पेन को सजाया गया है और इसकी कीमत है 9,95,510 डॉलर

मोंटब्लैंक-मिस्ट्री मास्टरपीस
जब दो मशहूर डिज़ाइनर कम्पनियाँ मिलकर कोई चीज़ पेश करें तो उसका अद्भुत होना लाज़मी हैं। बिलकुल ऐसा ही मोंटब्लैंक-मिस्ट्री मास्टरपीस पेन के बारे में भी कहा जा सकता है क्योंकि खूबसूरती की मिसाल ये पेन, वैन क्लीफ और मोंटब्लैंक जैसी दो मशहूर डिजाइनर कंपनियों द्वारा, उनकी 100 वीं वर्षगांठ पर दुनिया के सामने पेश किया गया। इस पेन की ढ़ेरों खासियतों में से एक ये है कि इस पेन को केवल 3 श्रृंखला में ही बनाया गया और हर श्रृंखला में केवल 3 पेन ही बनाये गए। रूबी, नीलम और पन्ना जैसे रत्नों से सजे इस पेन को हीरों से भी सजाया गया है और इस पेन की कीमत 7,30,000 डॉलर है

कैरन डी ऐके गोथिक
इस पेन पर आपको नक्काशी देखने को मिलेगी क्योंकि इस पेन को बनाते समय गोथिक कला को ध्यान में रखकर नक्काशी और डिजाइनिंग की गयी है। इस पेन में केवल नक्काशी और गोथिक कला से जुड़े फूलों के डिज़ाइन ही नहीं बने हैं बल्कि इसमें 892 हीरे और रूबी, पन्ना जैसे रत्न भी इस्तेमाल किये गए हैं। इस पेन में रोडियम का भी इस्तेमाल हुआ है और चीन में पहली बार दुनिया के सामने लाये गए इस पेन की कीमत 4,06,450 डॉलर है।

Back to top button