चलिए जानते है कैसा रहेगा होली में झारखंड का मौसम…

झारखंड में धूप मार्च में ही अपना तेवर दिखाने लगी है। शहरों में बढ़ता तापमान रोज नए रिकॉर्ड बना रहा है। आलम यह है कि दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा हो जाता है। बात करें लौहनगरी जमशेदपुर की तो, यहां अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। रांची में अधिकतम 32.3 तो वहीं डाल्टनगंज का 35.8 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि, झारखंड में होली वाले दिन बादल लोगों को भिगाएंगे। 8 और 9 मार्च को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान है। कहीं-कहीं वज्रपात भी होगा। 

6 मार्च को कई जिलों में छाएंगे आंशिक बादल
मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) के प्रमुख मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने पूर्वानुमान के आधार पर बताया कि 6 मार्च को झारखंड के पश्चिमी, दक्षिणी तथा निकटवर्ती मध्य भाग में पड़ने वाले जिलों में आंशिक बादल छाएंगे। वहीं उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अपेक्षाकृत आसमान साफ रहेगा। 7 मार्च को पश्चिमी तथा मध्य भाग में पड़ने वाले जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे पड़ेंगे। 

होली वाले दिन झारखंड वालों को भिगाएंगे बादल
फिलहाल, तीखी धूप और गर्मी ने परेशान किया हुआ है लेकिन होली वाले दिन झारखंड वासियों को बादल भी भिगोएंगे। मौसम विभाग का अनुमन है कि 8 मार्च को प्रदेश के सभई जिलों में गर्जन के साथ बारिश होगी। वहीं, 9 मार्च को भी उत्तरी-पूर्वी, निकटवर्ती मध्य भाग तथा दक्षिणी हिस्सों में वज्रपात के साथ बारिश होगी। इसके लिए बकायदा येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 

अधिकांश जिलों में पारा 32 के पार पहुंच गया है
राजधानी रांची में 6 मार्च यानी आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। 9 मार्च को रांची में भी आंशिक बादल छाएंगे। छिटपुट बारिश भी होगी। गुजरात और राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने का असर झारखंड के मौसम में भी दिखेगा। इस बीच अधिकांश जिलों का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। 
 

Back to top button