घाघरा नदी में नहाने गए एक किशोर की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

टिकैतनगर (बाराबंकी): घाघरा नदी की बाढ़ से भरे पानी में नहाते समय दो लोग डूब गये। इसमें से एक को ग्रामीणों ने बचा लिया जबकि दूसरा गहरे पानी में डूब गया। पुलिस व प्रशासन ने गोताखोर को बुलवाकर उसकी तलाश कराई। क़रीब 2 घंटे बाद लापता किशोर का शव मिला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।

थाना टिकैतनगर क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर निवासी रोहित व हरिओम सोमवार को दोपहर में खजुरा पत्रा में बाढ़ के पानी में नहा रहे थे। नहाते समय दोनों लोग गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे।दोनों लोगो़ ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग भी आ गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद हरिओम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि रोहित गहरे पानी में लापता हो गया। स्थानीय गोताखोरों ने खोजबीन शुरु की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका।

बालक की डूबने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। करीब 2 घंटे बाद स्थानीय गोताखोरों ने रोहित का शव बाहर निकाला। इसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर ले जाया गया। लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर दरियाबाद विधायक सतीश चंद्र शर्मा व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय अस्पताल पहुंचे। विधायक ने परिजनों से मुलाकात करके ढांढस बंधाया और उनको हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

Back to top button