घर के बाहर गली में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी ,कहीं वजह ये तो नहीं

ठठिया थाना क्षेत्र के एक गांव में आधी रात घर के बाहर गली में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई और वजह को लेकर तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिक छानबीन में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है लेकिन महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।

ठठिया थाना क्षेत्र के पट्टी करेड़ा गांव में चेतराम बाथम के 28 वर्षीय पुत्र विनोद बाथम टेंपो चलाता था और परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार की रात खाना खाने के बाद वह रोजाना की तरह घर के बाहर सो गया था। आधी रात को लघुशंका के लिए वह गली में गया था। सोमवार की सुबह उसका सिर कुचला खून से लथपथ शव पड़ा देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की।

भाई प्रमोद ने पुलिस को बताया कि रात में विनोद गली में गया तो पड़ोस के राजबहादुर और राजपाल ने पकड़ लिया और उसे पत्थर से कुचलने लगे। बचाव की कोशिश में विनोद भागा तो दौड़कर पकडऩे के बाद उसके चेहरे व सीने पर पत्थर से हमला कर दिया। इससे विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि विनोद करीब तीन वर्ष पूर्व राजबहादुर की पत्नी को अपने साथ ले गया था, जो बाद में विनोद को भी छोड़ कर चली गई थी। छह माह पहले विनोद गांव लौटा था। इसी रंजिश में घटना की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितो को गिरफ्तार किया जाएगा।

Back to top button