गीता को मिले माता-पिता, 26 को होगी पाक से भारत वापसी

phpThumb_generated_thumbnailकराची। गलती से सीमा पार करके पाकिस्तान जाने वाली भारतीय लड़की गीता के माता-पिता का पता चल गया है और अब उसे भारत लाया जा सकेगा। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बताया कि जल्द ही गीता को उसके माता-पिता को सौंप दिया जाएगा। हालांकि इससे पहले परिजनों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया जाएगा। संभावना है कि 26 अक्टूबर के गीता अपने माता-पिता से मिलेगी।

दरअसल गीता 13 साल पहले गलती से सीमा पार कर गई थी और पाकिस्तान चली गई थी। वह ना बोल सकती है और न ही सुन सकती है। पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे लाहौर के एदी फाउंडेशन को सौंप दिया था। बाद में वहां से कराची के एक आश्रय गृह भेज दिया गया। यहीं पर बिलकिस एदी नाम की एक महिला ने उसे गीता नाम दिया। गीता अब 23 साल की हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार भारतीय उच्चायोग की ओर से भेजी गई एक फोटो के आधार पर गीता ने अपने पिता और सौतेली मां को पहचान लिया। बताया जाता है कि परिवार बिहार में रहता है। हाल ही में सलमान खान की फिल्म “बजरंगी भाईजान” के रीलिज होने के बाद गीता का मामला सुर्खियों में आया था। रोचक बात है कि सलमान खान की फिल्म में पाकिस्तानी लड़की भटककर भारत में रह जाती है और वह भी गूंगी होती है।

 

 

Back to top button