कोरोना LIVE : अब तक 23 मौतें, पीड़ितों की संख्या हुई 943

लगातार बढ़ रही है मरीजों की संख्या
अब तक 943 लोगों में संक्रमण की पुष्टि
23 लोगों की हुई मौत, 83 हुए ठीक
पीएम मोदी ने किया था लॉकडाउन का ऐलान
सभी दफ्तर, सार्वजनिक परिवहन बंद

न्यूज डेस्क
देश में लॉक डाउन का आज चौथा दिन है लेकिन फिर भी कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढती जा रही है। यह आंकड़ा अब 906के पार पहुंच गई है। जबकि इससे 20 लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन देश के कई हिस्सों में मजदूरों का पलायन चिंता का विषय बन गया है। मजदूर पैदल ही अपने परिवार के साथ गृह राज्य लौट रहे हैं।
मजदूरों के रोज हो रहे पलायन के चलते सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। इस याचिका में  ये मांग की गई है कि कोर्ट प्रशासन को आदेश दे कि इन लोंगों को हर जगह शेल्टर होम में रखकर तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
योगी सरकार एक हजार बसों का करेगी इंतजाम
अपने गृह राज्यों को वापस लौट रहे मजदूरों की परेशानी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला किया है। पलायन कर दूसरे राज्यों में रह रहे सभी मजदूरों को अपने घरों तक पहुंचाने के लिए 1000 बसें चलाई जा रही हैं। सभी बस ड्राइवर, कंडक्टर को शुक्रवार रात इस बात की जानकारी देते हुए जरूरी इंतजाम करने का आदेश जारी किया गया है।
भोपाल में पत्रकार के खिलाफ दर्ज हुआ केस
शासकीय आदेशों के उल्लंघन करने के मामले में एक पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनपर अपराध संख्या 67/20 धारा 188, 269, 270 भारतीय दंड विधान का अपराध दर्ज किया गया है। संबंधित पत्रकार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी गए थे। इसेक बाद में उन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
चंडीगढ़ में एक और कोरोना पॉजिटिव
चंडीगढ़ में एक और शख्स को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। वहीं पूरे देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 900हो गई है। जबकि अब तक 20 लोगों की जानें भी जा चुकी हैं।
महाराष्ट्र में छह नए कोरोना वायरस पॉजिटिव केस
महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार राज्य में कोरोना पॉजिटिव के छह नए मामले सामने आए हैं। इसमें पांच मामले मुंबई में और एक नागपुर में सामने आए हैं। इस तरह कुल कोरोना पॉजिटिवों की संख्या बढ़कर 159 हो गई है।
दिल्ली में स्थानीय लोगों ने की जरूरतमंदों की मदद
लॉकडाउन की वजह से शहर की सभी दुकानें बंद हैं। इस वजह से गलियों में रहने वाले लोगों को खासा समस्या होने लगी है। दिल्ली में रह रहे कई स्थानीय लोग, अब इस मुश्किल घड़ी में उनकी मदद के लिए सामने आ रहे हैं। बंगला साहिब गुरुद्वारा के बाहर कई लोगों ने स्टॉल लगाकर जरूरतमंद लोगों को खाना उपलब्ध करा रहे हैं।
पीएम मोदी ने सीएम ममता बनर्जी से की बात
पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा COVID-19 के प्रसार को रोकने के लिए उठाए गए कदम की सराहना की। साथ ही पीएम ने कोरोना वायरस के संक्रमण की पृष्ठभूमि में राज्य की मौजूदा स्थिति का भी जानकारी ली। दोनों नेताओं के बीच करीब 10 मिनट बातचीत हुई।
उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 49 पहुंची
उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के छह नए मामले सामने आने के साथ इस संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार (27 मार्च) को संवाददाताओं को बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान नोएडा में कोविड-19 संक्रमण के चार और गाजियाबाद में दो नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है।
उन्होंने बताया कि इनमें नोएडा में 18, आगरा में नौ, लखनऊ में आठ, गाजियाबाद में पांच, पीलीभीत में दो, बागपत, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, वाराणसी, कानपुर, जौनपुर और शामली का एक-एक मरीज शामिल है। प्रसाद ने बताया कि इनमें से 14 लोग पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें आगरा के सात, नोएडा के चार, गाजियाबाद के दो तथा लखनऊ का एक व्यक्ति शामिल है। बाकी 35 का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। सभी की हालत स्थिर है।
राष्ट्रपति ने की अधिक से अधिक मदद पहुंचाने की अपील
बढ़ रहे संक्रमण के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सभी राज्यों के राज्यपाल, उपराज्यपालों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। इस दौरान राष्ट्रपति ने कोरोना से जूझ रहे आम लोगों को अधिक से अधिक मदद पहुंचाने की अपील की।
ये हैं राज्यवार आंकड़े
कोरोना के आंध्र प्रदेश में 13, बिहार में 9, छत्तीसगढ़ में 6, चंडीगढ़ में 8, दिल्ली में40, गुजरात में 53, हरियाणा में 33, हिमाचल प्रदेश में 3, जम्मू-कश्मीर में 20, कर्नाटक में 64, केरल में175, लद्दाख में 13, मध्य प्रदेश में33, महाराष्ट्र में162  मणिपुर में 1, ओडिशा में 2, पुदुचेरी में 1, पंजाब में 38, राजस्थान में50, तमिलनाडु में 40, तेलंगाना में 59, उत्तर प्रदेश में 50,उत्तराखंड में 5 और पश्चिम बंगाल में 15 केस सामने आए हैं।
दुनिया के 50 देशों में 170 करोड़ लोग घरों में कैद
चीन से शुरू हुआ कोरोना धीरे धीरे दुनिया के 195 देशों को अपनी चपेट में ले चुका है। दुनिया भर में 3,50,000 से ज्यादा लोगों में कोरोना का संक्रमण हो चुका है।  दुनिया के 50 देशों में स्थिति खतरनाक हो चुकी है।  ऐसे में वहां की सरकारों ने लोगों को घरों में बंद रहने को कहा है। इस तरह से कोरोना का ऐसा कहर है कि दुनिया भर में करीब 170 करोड़ लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।

Back to top button