केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी तंज कसते हुए कहीं ये बड़ी बात ..

केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर इशारों-इशारों में हमला बोला है। रिजिजू ने राहुल के लंदन में दिए उस बयान का जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत में लोकतंत्र और न्यायपालिका खतरे में है। रिजिजू ने कहा कि दुनिया को यह बताने की कोशिश की जा रही है कि भारतीय न्यायपालिका और लोकतंत्र संकट में है, लेकिन यह सिर्फ कोरा झूठ है और भारत की छवि खराब करने की कोशिश है।

लोकतंत्र हमारे खून में

भुवनेश्वर में केंद्रीय सरकार के विधि अधिकारियों के सम्मेलन में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय न्यायपालिका स्वतंत्र है। और भारतीय न्यायपालिका को कभी भी विपक्षी दल की भूमिका निभाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता है। कोई भी भारतीय लोकतंत्र पर सवाल भी नहीं उठा सकता क्योंकि लोकतंत्र हमारे खून में दौड़ता है।

टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोगों को मिलेगा जवाब

रिजिजू ने अप्रत्यक्ष रूप से राहुल पर हमला करते हुए कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्यों को बेहतर ढंग से समझना चाहिए कि भारत किसके नेतृत्व में महान कायाकल्प की यात्रा पर निकल पड़ा है। उन्होंने कहा कि हम भारत के लोग इन लोगों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। मंत्री ने कहा कि इन गिरोहों को भारत विरोधी विदेशी संस्थाओं का सक्रिय समर्थन मिलता है। व्यवस्थित रूप से वे भारतीय लोकतंत्र, भारतीय सरकार, न्यायपालिका और रक्षा, चुनाव आयोग, जांच एजेंसियों जैसे सभी महत्वपूर्ण अंगों की विश्वसनीयता पर हमला करते हैं।

न्यायपालिका विपक्ष की भूमिका नहीं निभा सकती

पूर्वी राज्यों में केंद्र के वकीलों के एक सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए रिजिजू ने शनिवार को कहा कि भारतीय न्यायपालिका पर सवाल नहीं उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ये कहना कि न्यायपालिका संकट में है, यह एक प्रकार से देश की छवि खराब करने का प्रयास है। रिजिजू ने कहा कि न्यायपालिका को सार्वजनिक आलोचना से बहुत दूर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये समस्या उसी समूह के साथ है, जो न्यायपालिका को विपक्षी दल की भूमिका में देखना चाहता है और वो कभी नहीं होगा।

राहुल ने दिया था यह बयान

राहुल गांधी ने दो दिन पहले लंदन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में कहा था कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है, क्योंकि स्वतंत्र एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके साथ कई बड़े विपक्षी नेताओं के फोन की पेगासस के जरिए जासूसी की गई थी।

Back to top button