आप भरोसा रखिए, जल्द अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी होगा कानून का राज: अमित शाह

  • शाह बोले शिवपाल का हमारे पास न कोई प्रस्ताव है न हो रही है बात
  • केशव के दिल्ली जाने की अटकलों पर लगाया विराम, बोले नया अध्यक्ष बनने पर मौर्य सरकार को पूरा देंगे समय
  • भाजपा के  राष्ट्रीय अध्यक्ष ने योगी सरकार की जमकर की तारीफ

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीयध्यक्ष अमित शाह ने अपने तीन दिन के दौरे में यूपी में खासी खलबली मचा दी । आज दिल्ली जाने से पहले उन्होंने पत्रकारों से खुलकर बात की। सूबे में कई दिनों से केशव मौर्य के दिल्ली जाने और शिवपाल यादव के भाजपा में आने की चर्चाओं पर उन्होंने विराम लगाया। यूपी में कानून व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि 15 साल की अराजकता जल्द ही दूर होगी और भाजपा शासित अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी कानून का राज दिखाई देगा। 

amit shaah

शाह ने आज अपने केन्द्र में मंत्री बनने के सवाल को भी खारिज करते हुए कहा कि वह भाजपा अध्यक्ष बनकर ही खुश हैं। उन्होंने योगी सरकार की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि सरकार ने तीन महीने में सराहनीय कार्य किए हैं। शाह ने कहा कि तीन साल की मोदी सरकार और तीन महीने की योगी सरकार के कामों की सराहना सभी लोग कर रहे हैं। 
भाजपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार के तीन साल के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, नोटबंदी, कालाधन के खिलाफ कड़े कानून, बीमा सुरक्षा योजना, उज्जवला योजना, मुद्रा बैंक, जीएसटी के साथ योग दिवस के जरिये भारतीय संस्कृति को पूरी दुनिया में पहुंचाया है।

होगा कानून का राज

उन्होंने इन सवालों को भी खारिज किया कि वह जहां जाते हैं वहां विपक्ष में तोड़-फोड़ हो जाती है। उन्होंने कहा कि मैं केरल और उड़ीसा जैसे राज्यों में गया मगर वहां कोई तोड़-फोड़ नहीं हुई। बिहार का जिक्र आने पर उन्होंने कहा कि हमने कोई दल नहीं तोड़ा, नीतीश कुमार भ्रष्टचारियों के साथ काम करने को राजी नहीं थे। उन्होंने गुजरात के विधायाकों को तोडऩे के सवाल पर कहा कि बंगलौर में विधायकों को कमरों में बंद क्यों किया गया है। यूपी में सपा में भगदड़ और शिवपाल के भाजपा में आने की अटकलों पर शाह बोले कि शिवपाल का कोई प्रस्ताव हमारे पास नहीं आया और न ही कोई विचार हो रहा है। सपा से इस्तीफा दे रहे एमएलसी के भाजपा में आने के सवाल को वह टाल गए, हालांकि सूत्रों का कहना है कि तीनो एमएलसी आज ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष भाजपा में शामिल होंगे। 
अमित शाह ने कहा कि 2019 में भी भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ केन्द्र में सरकार बनायेगी। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के अलावा हमारी राज्य सरकारों के काम-काज के आधार पर जनता समर्थन देगी।

कानूनी प्रक्रिया या आपसी संवाद से बनाया जायेगा अयोध्या में राम मंदिर

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया का भी सहारा लिया जायेगा। हालांकि हमारी कोशिश है कि आपसी संवाद से यह मामला सुलझा लिया जाए। सोनू यादव के यहां लंच करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं अपने कार्यकर्ता के घर भोजन करने गया था। दलित और यादव सब हमारे कार्यकर्ता हैं।

Back to top button