कांग्रेस को दोहरा झटका: राशिद अल्वी ने चुनाव लड़ने से किया इंकार, पूर्व मंत्री ने भी नाता तोड़ा

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को आज दो झटके लगेत हैं। जहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता राशिद अल्वी ने सोमवार को कहा कि वे स्वास्थ्य कारणों की वजह से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रतीक पाटिल ने पार्टी के साथ ‘अपने संबंध तोडऩे’ का ऐलान कर दिया। राशिद अल्वी ने चुनाव नहीं लडऩे की सूचना पार्टी आलाकमान को भेज दी है। राशिद अल्वी अमरोहा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। इसके बाद कांग्रेस ने सचिन चौधरी को अमरोहा का नया उम्मीदवार बनाया है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की पहली सूची में नाम नहीं होने की वजह से राशिद अल्वी नाराज चल रहे थे। अमरोहा सीट से भाजपा ने कंवर सिंह तंवर और बसपा ने दानिश अली को मैदान में उतारा है।

उधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रतीक पाटिल ने पार्टी के साथ ‘अपने संबंध तोडऩे’ का ऐलान कर दिया। प्रतीक पाटिल कांग्रेस के कद्दावर नेता और दिवंगत मुख्यमंत्री वसंतदादा पाटिल के पोते हैं। उन्होंने हालांकि अभी अपने भविष्य की योजनाओं का ऐलान नहीं किया। साल 2014 तक कांग्रेस का गढ़ रही सांगली सीट को ‘संयुक्त प्रगतिशील महागठबंधन’ में सीट बंटवारे के समझौते के तहत राजू शेट्टी के स्वाभिमान शेतकारी पक्ष को देने का फैसला किया गया है। इस गठबंधन में कांग्रेस, राकांपा और अन्य घटक शामिल हैं। इस निर्णय के कई दिन बाद प्रतीक पाटिल ने रविवार को पार्टी से ‘अपने संबंध’ तोडऩे के फैसले का ऐलान किया।

Back to top button