कांग्रेस उपाध्‍यक्ष सहित 12 कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज, धारा 144 का किया था उल्लंघन

हापुड़। कांग्रेस के नगर उपाध्यक्ष सहित 12 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर धारा 144 का उल्लंघन करने एवं अन्य कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। कांग्रेसियों ने शनिवार को भाजपा नेता का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया था।

स्वतंत्रता दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा के सामने ध्वजारोहण करने के बाद कांग्रेसियों ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा का पुतला फूंका था। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की थी। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक समाचार चैनल पर चर्चा के दौरान संबित पात्रा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी पर बेहद अपमानजनक टिप्पणी की थी। इससे आहत होने के कारण उन्हें हृदयाघात हो गया और उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद भाजपा के पदाधिकारियों ने कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना से शिकायत की थी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर जनपद का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया था। इसके बाद रेलवे मार्ग पुलिस चैकी प्रभारी यशपाल गौतम ने मामले की जांच कर कांग्रेस के उपाध्यक्ष और सभासद नरेश भाटी, अनूप कुमार और दस अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कोतवाली में धारा 144 का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इस तहरीर के आधार पर सभी 12 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

जबकि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी ने ध्वजारोहण के बाद संबित पात्रा का पुतला फूंके जाने की घटना की जानकारी से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि वह अपनी कार्यकारिणी के सदस्यों से इस मामले में चर्चा कर घटना के संबंध में जानकारी लेंगे। हालांकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष ध्वजारोहण और पुतला फूंके जाने के समय घटनास्थल पर ही उपस्थित थे।

Back to top button